---------------------------------News Website By 𝐑𝐚𝐣𝐮 𝐘𝐚𝐝𝐚𝐯--------------------------------

𝙎𝙝𝙞𝙫𝙥𝙪𝙧𝙞 𝙆𝙝𝙖𝙗𝙖𝙧

Thursday, April 30, 2026

वन विभाग कोलारस के द्वारा अतिक्रमण मुहिम में बड़ी कार्रवाई, 50 बीघा वनभूमि कराई मुक्त


शिवपुरी-
जिले के कोलारस क्षेत्र में अवैध रूप से वन भूमि पर अतिक्रमण करने वालों के विरूद्ध कार्यवाही करते हुए 50 बीघा वन भूमि को मुक्त कराया गया है। यह कार्यवाही सामान्य वनमण्डल शिवपुरी के अंतर्गत अतिक्रमण निरोधी मुहिम के तहत की गई जिसमें वन परिक्षेत्र कोलारस की सबरेंज खरई दक्षिण में प्रभावी कार्रवाई की गई, इसके साथ ही बीट कोटानाका-अ (कक्ष क्रमांक पीएफ 1190) एवं बीट कोटानाका-ब (कक्ष क्रमांक पीएफ 1191) की वन भूमि पर लगभग 10 वर्षों से अधिक समय से किए गए अतिक्रमण को हटाया गया। यह कार्यवाही सामान्य वन मण्डल सुधांशु यादव एवं उप वन मण्डल अधिकारी आदित्त्य शांडिल्य के निर्देशन में कोलारस वन परिक्षेत्राधिकारी गोपाल सिंह के द्वारा की गई।

सामान्य वन मण्डल शिवपुरी ने बताया कि संबंधित अतिक्रमणकर्ता द्वारा लगभग 50 बीघा वन भूमि पर अवैध रूप से खेती की जा रही थी। प्रकरण में आवश्यक दस्तावेजी एवं वैधानिक प्रक्रिया पूर्ण किए जाने के पश्चात सक्षम प्राधिकारी द्वारा जारी बेदखली आदेश के पालन में वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की। यह कार्रवाई वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में एवं वन परिक्षेत्राधिकारी अधिकारी कोलारस गोपाल सिंह जाटव के नेतृत्व में वन अमले द्वारा की गई। कार्यवाही के दौरान 2 जेसीबी मशीन एवं 2 ट्रैक्टर-ट्रॉली की सहायता से अतिक्रमित भूमि को मुक्त कराते हुए कंटूर ट्रेंच खुदाई कराई गई। मौके पर पाए गए एक कुंए को भी भर दिया गया। वन विभाग द्वारा उपस्थित ग्रामीणों को समझाइश दी गई कि वन भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध अतिक्रमण न करें। विभाग ने स्पष्ट किया है कि वन भूमि पर अवैध गतिविधियों के विरुद्ध निरंतर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

No comments: