शिवपुरी- शासकीय हाई स्कूल, कोटा में विश्व पृथ्वी दिवस के अवसर पर एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों एवं स्थानीय समुदाय को पर्यावरण संरक्षण, जलवायु परिवर्तन की गंभीरता और हरित जीवनशैली अपनाने के प्रति जागरूक करना था। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में श्रीमती कल्पना गाजरे, ग्लोबल न्यूट्रिशन कंसल्टेंट, ने विशेष रूप से भाग लिया।
उन्होंने अपने प्रेरणादायक उद्बोधन में कहा, प्रत्येक बच्चे को अपने जन्मदिवस के अवसर पर एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए और यह संकल्प लेना चाहिए कि वह उस पौधे को अपने परिवार के सदस्य की तरह पोषित करेगा। यही छोटे-छोटे प्रयास हमारी धरती को बचाने की दिशा में बड़े बदलाव लाते हैं। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथियों में डॉ. एम. के. भार्गव, वरिष्ठ वैज्ञानिक, कृषि विज्ञान केंद्र, डॉ. पुष्पेंद्र सिंह पर्यावरण विशेषज्ञ, रवि गोयल, समाजसेवी एवं सचिव, शक्तिशाली महिला संगठन समिति मौजूद रहे। यहां डॉ. भार्गव ने छात्रों को पर्यावरण अनुकूल खेती, जैविक खाद और पौधों की विविधता के महत्व पर जानकारी दी। डॉ. पुष्पेंद्र सिंह ने जलवायु परिवर्तन के दुष्परिणामों और स्थानीय स्तर पर किए जाने वाले उपायों पर प्रकाश डाला। रवि गोयल ने संस्था द्वारा चलाए जा रहे हरियाली मिशन, किचन गार्डन अभियान और स्कूल स्तर पर पौधरोपण कार्यक्रमों की जानकारी दी और बच्चों को प्रकृति मित्र बनने की शपथ दिलाई।
हुई चित्रकला व पोस्टर प्रतियोगिताइस अवसर पर पर्यावरण पर आधारित चित्रकला व पोस्टर प्रतियोगिता, निबंध लेखन प्रतियोगिता मेरी धरती, मेरी जिम्मेदारी, वृक्षारोपण अभियान एक पौधा एक संकल्प के रूप में आयोजित की गई। साथ ही पर्यावरण शपथ समारोह जिसमें सभी छात्र-छात्राओं ने पर्यावरण संरक्षण के लिए व्यक्तिगत संकल्प लिए। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती अनुराधा गोयल ने की। उन्होंने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा, आज की पीढ़ी को न केवल शिक्षित बल्कि प्रकृति के प्रति संवेदनशील बनाना ही सच्ची शिक्षा है। हमें बच्चों को किताबों के साथ-साथ प्रकृति से भी जोडऩा होगा। कार्यक्रम का सफल संचालन श्रद्धा जादौन द्वारा किया गया एवं धन्यवाद ज्ञापन श्रीमती रेनू अवस्थी ने किया। यह आयोजन जिला प्रशासन एवं शक्तिशाली महिला संगठन संस्था के सहयोग से संपन्न हुआ।
No comments:
Post a Comment