---------------------------------News Website By 𝐑𝐚𝐣𝐮 𝐘𝐚𝐝𝐚𝐯--------------------------------

𝙎𝙝𝙞𝙫𝙥𝙪𝙧𝙞 𝙆𝙝𝙖𝙗𝙖𝙧

Saturday, September 27, 2025

आदि कर्मयोगी अभियान अंतर्गत ग्राम पंचायत मनपुरा में जन चौपाल आयोजित, योजनाओं की दी गई जानकारी


पिछोर
-आदिवासी बाहुल्य क्षेत्रों में शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम छोर तक पहुँचाने और समुदाय को सशक्त बनाने के उद्देश्य से आज ग्राम पंचायत मनपुरा में जन चौपाल का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम भारत सरकार के निर्देशानुसार शिवपुरी कलेक्टर रवीन्द्र कुमार चौधरी के मार्गदर्शन एवं पिछोर अनुविभागीय दंडाधिकारी ममता शाक्य की अध्यक्षता में सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर आदि सेवा केंद्र का शुभारंभ राष्ट्रीय आदिवासी छात्र शिक्षा समिति के कार्यकारी अभियंता प्रतीप वर्मा ने फीता काटकर किया।

जन चौपाल में बीडीओ पिछोर रामपाल बघेल, जिला स्तरीय मास्टर ट्रेनर नंदकिशोर शर्मा, ब्लॉक स्तरीय मास्टर ट्रेनर सत्येंद्र झा एवं राधिका बल्लभ शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं एनजीओ सृजल की सक्रिय उपस्थिति रही। कार्यक्रम के दौरान मास्टर ट्रेनर द्वारा बताया गया कि आदि कर्मयोगी अभियान अनुसूचित जनजाति वर्ग को शत-प्रतिशत लाभान्वित करने का संकल्प लेकर संचालित किया जा रहा है। इसके तहत ग्रामीणों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई और उन्हें लाभ लेने हेतु जागरूक किया गया।

इस अवसर पर बीडीओ रामपाल बघेल ने विस्तार से जानकारी देते हुए कहा कि ग्राम स्तरीय दल द्वारा यह अभियान तीन दिनों तक संचालित होगा। इसके अंतर्गत ग्राम भ्रमण, भौतिक स्थिति का अवलोकन, समूह चर्चा, सहभागी ग्रामीण मूल्यांकन, स्थल चयन, रैली, दीवार लेखन, संसाधनों की पहचान और स्थानीय भाषा में ग्राम मानचित्र तैयार कर कार्ययोजना बनाई जाएगी। इन गतिविधियों से न केवल योजनाओं की पारदर्शिता सुनिश्चित होगी बल्कि समुदाय की सक्रिय भागीदारी से गांव का सर्वांगीण विकास भी संभव होगा। ग्राम पंचायत मनपुरा में आयोजित इस जन चौपाल ने आदिवासी समाज को शासन की योजनाओं की जानकारी के साथ-साथ उनमें सहभागिता का अवसर प्रदान किया। उपस्थित ग्रामीणों ने भी इस अभियान को सकारात्मक प्रतिक्रिया देते हुए योजनाओं का लाभ लेने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।

No comments: