---------------------------------News Website By 𝐑𝐚𝐣𝐮 𝐘𝐚𝐝𝐚𝐯--------------------------------

𝙎𝙝𝙞𝙫𝙥𝙪𝙧𝙞 𝙆𝙝𝙖𝙗𝙖𝙧

Tuesday, February 10, 2026

शिवपुरी में हनी ट्रैप गिरोह का भंडाफोड़, 5 आरोपी गिरफ्तार, 25 हजार नकद जब्त


युवती की  संलिप्तता  वाले अपराधों का बढ़ता शिवपुरी में ग्राफ,देहात पुलिस की बड़ी सफलता

शिवपुरी। क्राइम पेट्रोल और सावधान इंडिया जैसे नाटकों में उजागर साइबर अपराध अभी तक महानगरों में ही फलीभूत हो रहे थे किंतु अब ऐसे साइबर संबंधित अपराध शिवपुरी जैसी छोटी जगह पर भी अपने पैर पसारने लगे है जो पुलिस महकमे सहित जागरूक जनप्रतिनिधियों को चिंता का विषय होना चाहिए। यदि समय रहते इस प्रकार के अपराधों पर अंकुश नहीं लगाया गया तो तकनीकी रूप से ठगी के ये मामले पूरे समाज को डुबो सकते है।  ऐसे ही एक मामले का  शिवपुरी देहात थाना प्रभारी जितेंद्र मावई और उनकी टीम ने राजफाश किया है और इसमें संलिप्त एक युवती और लड़कों को अपनी गिरफ्त में लिया है।

जानकारी के अनुसार जिला पुलिस शिवपुरी के देहात थाना क्षेत्र में पुलिस ने हनी ट्रैप के एक संगठित गिरोह का खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। थाना प्रभारी जितेन्द्र मावई को शिकायत मिली कि कुछ आरोपियों द्वारा एक युवक को झांसे में लेकर उससे मारपीट कर अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी देकर पैसे वसूले गए थे। इस पर थाना प्रभारी जितेंद्र मावई ने बताया कि फरियादी आदित्य जैन उम्र 26 वर्ष निवासी बदरवास ने 1 फरवरी 2026 को थाना देहात शिवपुरी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। फरियादी के मोबाइल पर 26 जनवरी को एक अज्ञात नंबर से कॉल आया, जिसमें कॉल करने वाली युवती ने अपना नाम अंजली बताया और दोस्ती का प्रस्ताव रखा। बाद में मिलने के बहाने फरियादी को बुलाया गया, जहां आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर 1 लाख 5640 रुपये की मांग की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौड़ के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव मुले एवं एसडीओपी संजय चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई। साइबर सेल की सहायता से मोबाइल नंबरों की तकनीकी जांच की गई, जिसके बाद आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया गया।

यह आरोपी हुए गिरफ्तार
देहात थाना प्रभारी जितेन्द्र मावई के द्वारा की गई इस कार्यवाही में 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया इन गिरफ्तार आरोपियों में कल्पना रजक उर्फ अंजली उम्र 23 वर्ष, राजा ओझा उम्र 21 वर्ष, विकास रावत उम्र 19 वर्ष, चंद्रपाल धाकड़ उम्र 40 वर्ष, पवन रावत उम्र 25 वर्ष सभी निवासी शिवपुरी शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 25,000 नकद बरामद किए हैं। प्रकरण में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। बता दे कि कुछ समय पूर्व देहात थाना पुलिस बल द्वारा बड़ी कार्यवाही करते हुए नशीले पदार्थ की बड़ी तस्करी को भी पकड़ा था। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी देहात निरीक्षक जितेंद्र मवाई, एस आई योगेंद्र सेंगर साइबर सेल एवं पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही।

No comments: