सीईओ गगनजीत सिंह एवं मप्र हेड अवधेश सिंघल का स्वागत, किसानों से जुड़ाव और आधुनिक कृषि सुविधाओं पर दिया जोरशिवपुरी। सिद्धार्थ मोटर्स शिवपुरी द्वारा होटल सोनचिरैया में स्वराज ट्रैक्टर का भव्य ग्राहक मिलन समारोह आयोजित किया गया। समारोह में स्वराज ट्रैक्टर कंपनी के सीईओ गगनजीत सिंह सहित कंपनी के वरिष्ठ अधिकारियों, डीलर प्रतिनिधियों और दूरदराज से आए बड़ी संख्या में किसानों ने सहभागिता की। इस अवसर पर 17 स्वराज ट्रैक्टरों की डिलीवरी की गई। कार्यक्रम में किसानों के साथ कंपनी के संबंधों को मजबूत बनाने, आधुनिक कृषि तकनीक को बढ़ावा देने और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया। समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं राष्ट्रगान के साथ हुआ। इस अवसर पर स्वराज ट्रैक्टर के सीईओ गगनजीत सिंह एवं मप्र हेड अवधेश सिंघल का सिद्धार्थ मोटर्स एवं स्वराज ट्रैक्टर शिवपुरी के संचालक जयप्रकाश जैन (जेपी) की ओर से भव्य आतिशी स्वागत किया गया। आयोजन में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ बुंदेली लोकगीतों ने भी समां बांधा। कार्यक्रम में किसानों ने स्वराज ट्रैक्टर की खूबियों, तकनीकी विशेषताओं और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की। कार्यक्रम के माध्यम से सिद्धार्थ मोटर्स ने किसानों और कंपनी के बीच संवाद को मजबूत करने, कृषि संबंधी आवश्यकताओं को समझने तथा बेहतर उत्पाद एवं सेवाएं उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता व्यक्त की। समारोह में 17 ट्रैक्टरों की डिलीवरी किसानों के लिए विशेष आकर्षण रही। अंत में सभी किसानो, स्वराज ट्रैक्टर कंपनी के अधिकारियों के प्रति आभार जय प्रकाश जैन के द्वारा व्यक्त किया गया। कार्यक्रम का संचालन प्रियंका जैन ने किया।
किसानों की जरूरतों के अनुरूप ट्रैक्टर निर्माण पर जोर
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए स्वराज ट्रैक्टर के मध्य प्रदेश हेड अवधेश सिंघल ने कंपनी की खूबियों और भविष्य की योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि शिवपुरी में स्वराज ट्रैक्टर की बाजार में मजबूत उपस्थिति है। यहां बिकने वाले प्रत्येक 100 ट्रैक्टरों में से लगभग 35 ट्रैक्टर स्वराज के होते हैं। कंपनी 15 हॉर्स पावर से लेकर 70 हॉर्स पावर तक की विभिन्न श्रेणियों में ट्रैक्टर उपलब्ध करा रही है, ताकि किसानों को अपनी खेती और जरूरतों के अनुरूप विकल्प मिल सकें। उन्होंने सिद्धार्थ मोटर्स के संचालक जयप्रकाश जैन की सराहना करते हुए कहा कि वे मध्य प्रदेश के शीर्ष डीलरों में शामिल हैं और भविष्य में देश के अग्रणी डीलरों में भी स्थान बना सकते हैं। उन्होंने कहा कि कंपनी बिक्री के साथ-साथ सर्विस और किसानों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर भी ध्यान दे रही है। किसानों के साथ मजबूत जुड़ाव ही कंपनी की प्रगति का आधार है। उन्होंने बताया कि भविष्य में कृषि कार्यों को अधिक सुविधाजनक बनाने के लिए 18 प्रकार के उपकरण भी उपलब्ध कराने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं। आधुनिक उपकरणों और बेहतर कृषि सुविधाओं से खेती की उत्पादकता बढ़ाने में सहायता मिलेगी।
किसानों के विश्वास से मिली स्वराज को नई पहचान : सीईओ गगनजीत सिंह
स्वराज ट्रैक्टर के सीईओ गगनजीत सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि शिवपुरी में उनका पहली बार आगमन हुआ है और यहां किसानों एवं डीलर का उत्साह देखकर प्रसन्नता हुई। उन्होंने कहा कि स्वराज की सफलता के पीछे किसानों का विश्वास और उनसे जुड़ाव सबसे महत्वपूर्ण है। पिछले 52 वर्षों में कंपनी ने उल्लेखनीय प्रगति की है, जिसमें किसानों का योगदान सबसे बड़ा रहा है। उन्होंने कहा कि वर्ष 1947 से 1974 के बीच भारत में कृषि मशीनरी के लिए विदेशों पर निर्भरता अधिक थी। इसके बाद स्वराज ट्रैक्टर के निर्माण की शुरुआत ने भारतीय किसानों की आवश्यकताओं के अनुरूप तकनीक विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कंपनी किसानों की जरूरतों को ध्यान में रखकर ट्रैक्टर बनाती है और यही किसानों के बीच उसकी पहचान का आधार है। सीईओ गगनजीत सिंह ने जयप्रकाश जैन की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि वे किसानों के साथ मिलकर स्वराज को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं। एक सफल डीलर वही है जो किसानों की आवश्यकताओं को समझे और उन्हें उचित मार्गदर्शन एवं सुविधाएं उपलब्ध कराए। उन्होंने बताया कि कंपनी ने पिछले चार महीनों में दो नए ट्रैक्टर बाजार में उतारे हैं। इनमें से एक जून में लॉन्च किया गया था, जबकि दूसरे नए मॉडल का अनावरण समारोह के दौरान किया गया। उन्होंने कहा कि कंपनी का उद्देश्य किसानों को बेहतर तकनीक, सुविधा और सुकून प्रदान करना है। स्वराज ट्रैक्टर को गांव-गांव तक पहुंचाने और अधिक से अधिक किसानों को इससे जोड़ने के लिए सभी को मिलकर प्रयास करना चाहिए, ताकि किसान समृद्ध बनें और कृषि क्षेत्र को नई गति मिले।
महिंद्रा फाइनेंस ने दी त्योहारी ऑफर्स की जानकारी
कार्यक्रम में महिंद्रा फाइनेंस के हेड गुरवीर गिल ने किसानों को ट्रैक्टर खरीदने के लिए उपलब्ध फाइनेंस सुविधाओं एवं योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि त्योहारी सीजन में ग्राहकों के लिए विभिन्न ऑफर और नई योजनाएं उपलब्ध हैं। किसानों से इन योजनाओं का लाभ लेकर अपनी जरूरत के अनुसार ट्रैक्टर खरीदने की अपील की गई। समारोह में ग्वालियर एवं चंबल क्षेत्र के अधिकारियों ने भी सहभागिता की।
बुंदेली लोकगीतों ने बांधा समां, किसानों में दिखा उत्साह
ग्राहक मिलन समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भी विशेष प्रस्तुति रही। बुंदेली लोकगीतों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया और आयोजन को स्थानीय संस्कृति के रंगों से सराबोर कर दिया। दूरदराज के क्षेत्रों से आए किसानों ने समारोह में उत्साहपूर्वक भाग लिया और स्वराज ट्रैक्टर की विशेषताओं एवं कंपनी की सेवाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की।

No comments:
Post a Comment