---------------------------------News Website By 𝐑𝐚𝐣𝐮 𝐘𝐚𝐝𝐚𝐯--------------------------------

𝙎𝙝𝙞𝙫𝙥𝙪𝙧𝙞 𝙆𝙝𝙖𝙗𝙖𝙧

Thursday, April 16, 2026

गुरुनानक इंटरनेशनल स्कूल, ने कक्षा 10 वीं सीबीएसी बोर्ड परीक्षा परिणाम 2025-26 में रचा नया कीर्तिमान



अली अर्सलान बने शिवपुरी जिला टॉपर, कई विद्यार्थियों ने किया शानदार प्रदर्शन

शिवपुरी- गत दिवस घोषित हुए सीबीएसई बोर्ड के कक्षा 10वीं के परीक्षा परिणाम में गुरुनानक इंटरनेशनल स्कूल ने उत्कृष्ट परिणाम देते हुए सफलता का नया कीर्तिमान स्थापित किया है। विद्यालय के विद्यार्थियों ने उच्च अंक प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। अभी तक प्राप्त जानकारी के अनुसार विद्यालय के मेधावी छात्र अली अर्सलान ने 97.2 प्रतिशत अंक प्राप्त किए हैं तथा वे जिले में प्रथम स्थान पर रहे हैं, जो विद्यालय के लिए एवं परिवार के लिए गौरव का विषय है।

इसके अलावा छात्रा आन्या गुप्ता ने 94.0प्रतिशत, श्रद्धा बंसल ने 93.4 प्रतिशत, अनुष्का गुप्ता ने 93.0 प्रतिशत एवं अंश अग्रवाल ने 92.2 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय का नाम रोशन किया है। इसी क्रम में गुरूवार 16 अप्रैल 2026 को विद्यालय परिसर में इन होनहार विद्यार्थियों के सम्मान में एक गरिमामय कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के डायरेक्टर महिपाल अरोरा एवं प्राचार्य कीर्ति चावला ने विद्यार्थियों का पुष्पमालाओं से स्वागत कर उनका उत्साहवर्धन किया।

डायरेक्टर महिपाल अरोरा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि सफलता निरंतर परिश्रम, अनुशासन एवं स्पष्ट लक्ष्य का परिणाम होती है। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने भविष्य की ठोस योजना बनाने तथा उच्च लक्ष्य निर्धारित कर उसे प्राप्त करने हेतु प्रेरित किया। प्राचार्य कीर्ति चावला ने भी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि यह सफलता उनकी मेहनत एवं शिक्षकों के मार्गदर्शन का परिणाम है। उन्होंने सभी सफल विद्यार्थियों को सम्मान पत्र एवं पेन उपहार स्वरूप भेंट किए। इस अवसर पर विद्यालय के समस्त शिक्षकगण उपस्थित रहे एवं विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त किया। विद्यालय परिवार ने सभी सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

No comments: