णमोकार पैंतीस दीप महाअर्चना के साथ कार्यक्रम हुआ संपन्नशिवपुरी/करैरा-विश्व नवकार महामंत्र दिवस एवं विश्व शांति मंगल पाठ उच्चारण के पावन अवसर पर करेरा नगर में श्रद्धा, भक्ति एवं आध्यात्म का अनुपम संगम देखने को मिला। इस अवसर पर जैन समाज के श्रद्धालुओं द्वारा सामूहिक रूप से नवकार महामंत्र का जाप किया गया, जिससे संपूर्ण वातावरण मंत्रमुग्ध एवं भक्तिमय हो उठा। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रात:काल मंगलाचरण के साथ हुआ। तत्पश्चात उपस्थित श्रद्धालुओं ने एक स्वर में नवकार महामंत्र का उच्चारण कर आत्मशुद्धि एवं विश्व शांति की मंगल कामना की। आयोजन में महिलाओं, पुरुषों एवं युवाओं की उत्साहपूर्ण एवं सराहनीय सहभागिता रही, जिससे कार्यक्रम की गरिमा और अधिक बढ़ गई।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण णमोकार पैंतीस दीप महाअर्चना रहा, जिसमें णमोकार महामंत्र के 35 बीजाक्षरों के साथ दीप प्रज्ज्वलित कर भव्य एवं दिव्य अर्चना की गई। इस अलौकिक दृश्य ने श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया और पूरा परिसर श्रद्धा, आस्था एवं प्रकाश से आलोकित हो उठा। यह संपूर्ण आयोजन पंडित दीपक जैन शास्त्री एवं उनकी संगीतमयी टीम के सानिध्य एवं कुशल निर्देशन में विधि-विधानपूर्वक सम्पन्न हुआ। उनके मार्गदर्शन में कार्यक्रम अत्यंत सुव्यवस्थित, अनुशासित एवं आध्यात्मिक गरिमा के साथ संपन्न हुआ।
साथ ही यह भव्य आयोजन सास-बहू साड़ी सेंटर के संचालक आशीष रानू जैन के सौजन्य से कच्ची गली, गुलंवर स्थित उनके प्रतिष्ठान पर आयोजित किया गया, जिसके लिए समाज जनों ने उनका हृदय से आभार व्यक्त किया। इस दौरान समाज के वरिष्ठजनों ने अपने उद्बोधन में नवकार महामंत्र की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह महामंत्र आत्मिक शांति, सकारात्मक ऊर्जा एवं जीवन में संतुलन प्रदान करता है। नियमित जाप से व्यक्ति में संयम, सहनशीलता एवं सद्भावना का विकास होता है, जो एक सुसंस्कृत एवं श्रेष्ठ समाज के निर्माण में सहायक है। कार्यक्रम के समापन पर मंगल आरती एवं प्रसाद वितरण किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने श्रद्धापूर्वक सहभागिता निभाई। अंत में आयोजकों ने सभी उपस्थितजनों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों को निरंतर जारी रखने का संकल्प लिया।

.jpeg)
No comments:
Post a Comment