---------------------------------News Website By 𝐑𝐚𝐣𝐮 𝐘𝐚𝐝𝐚𝐯--------------------------------

𝙎𝙝𝙞𝙫𝙥𝙪𝙧𝙞 𝙆𝙝𝙖𝙗𝙖𝙧

Sunday, April 12, 2026

एक दिवसीय विपश्यना ध्यान शिविर आयोजित


शिवपुरी-
जिले में मानसिक शांति और सकारात्मक जीवन शैली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आज रविवार को जिला आनंद संस्थान एवं जिला विपश्यना समिति के संयुक्त तत्वाधान में एक दिवसीय विपश्यना ध्यान शिविर एवं आनापान सती ध्यान परिचय सत्र का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम शासकीय गर्ल्स स्कूल में मुख्य कार्यपालन अधिकारी ब्रह्मेंद्र गुप्ता के निर्देशन में जनपद पंचायत के अधिकारी-कर्मचारियों एवं आम नागरिकों के लिए आयोजित हुआ। शिविर में धमथली केंद्र जयपुर की सहायक आचार्य सुरभि जैन ने प्रतिभागियों को विपश्यना एवं आनापान ध्यान की विधियों और विभिन्न चरणों की विस्तार से जानकारी दी। आनंद विभाग के सहायक नोडल अधिकारी अभय कुमार जैन ने बताया कि यह ध्यान पद्धति मन और मस्तिष्क को सक्रिय एवं संतुलित बनाकर जीवन में सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करती है।

कार्यक्रम के दौरान विपश्यना के प्रमुख आचार्य सत्यनारायण गोयनका के ऑडियो माध्यम से दो सत्रों में ध्यान कराया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने शुद्ध और स्वाभाविक श्वास पर ध्यान केंद्रित कर मानसिक सजगता और शांति का अनुभव किया। इस अभ्यास से उपस्थित लोगों ने स्वयं को अधिक सहज, सरल और सशक्त महसूस किया। जिले में समय-समय पर विभिन्न विभागों में आनापान ध्यान के एक घंटे के परिचय सत्र आयोजित किए जा रहे हैं। साथ ही, देशभर में 10 दिवसीय आवासीय विपश्यना शिविर नि:शुल्क आयोजित किए जाते हैं, जिनमें निकटवर्ती गुना में भी ऐसे शिविर नियमित रूप से संचालित हो रहे हैं। अधिक जानकारी के लिए कलेक्ट्रेट परिसर स्थित आनंदम कार्यालय से संपर्क किया जा सकता है। इस अवसर पर विपश्यना के वरिष्ठ साधक कुंभकार, यादराम वर्मा (सेवानिवृत्त तहसीलदार), आनंदम सहयोगी विशाल चौरसिया, वॉलिंटियर नीरजा वर्मा एवं विनोद शंकर वर्मा सहित अन्य सहयोगी उपस्थित रहे।

No comments: