---------------------------------News Website By 𝐑𝐚𝐣𝐮 𝐘𝐚𝐝𝐚𝐯--------------------------------

𝙎𝙝𝙞𝙫𝙥𝙪𝙧𝙞 𝙆𝙝𝙖𝙗𝙖𝙧

Sunday, April 5, 2026

शिक्षा के प्रति अनूठी पहल : पटसैरा के सरकारी स्कूल में दौड़ेगी विधायक विकास एक्सप्रेस


शिवपुरी/पिछोर
-जिले की पिछोर विधानसभा के ग्राम पंचायत पटसैरा में विकास और शिक्षा को जोडऩे वाली एक सराहनीय तस्वीर सामने आई है। यहाँ के शासकीय माध्यमिक विद्यालय की बाउंड्री वॉल को न केवल मजबूती से तैयार किया गया है, बल्कि इसे एक ट्रेन का रूप देकर बच्चों के लिए आकर्षक बनाया गया है। इस नवाचार को विधायक विकास एक्सप्रेस नाम दिया गया है, जो अब पूरे क्षेत्र में चर्चा  का विषय बनी हुई है।

भोपाल स्तर से स्वीकृत हुई बाउंड्री वॉल
पटसैरा के सचिव अजब सिंह लोधी ने बताया कि स्कूल की सुरक्षा और सुंदरता के लिए बाउंड्री वॉल की नितांत आवश्यकता थी। पिछोर विधायक प्रीतम सिंह लोधी के प्रयासों से भोपाल स्तर से इस कार्य की स्वीकृति प्राप्त हुई। विधायक की मंशा के अनुरूप, पंचायत ने इसे गुणवत्ता के साथ पूर्ण कराया है। बच्चों को स्कूल की ओर आकर्षित करने का प्रयास  बाउंड्री वॉल निर्माण के समय सरपंच  उर्मिला यादव के साथ मिलकर यह योजना बनाई गई थी कि स्कूल का परिवेश ऐसा हो जिससे बच्चे स्वयं पढऩे के लिए प्रेरित हों। इसी सोच के साथ बाउंड्री वॉल पर सुंदर पेंटिंग कराई गई और उसे ट्रेन (रेलगाड़ी) की शक्ल दी गई। नए सत्र की शुरुआत में स्कूल का यह बदला हुआ स्वरूप बच्चों के लिए किसी उपहार से कम नहीं है।

पंचायत को नंबर वन बनाने का लक्ष्य
बाउंड्री वॉल को विधायक विकास एक्सप्रेस पिछोर नाम देने के पीछे सरपंच-सचिव का उद्देश्य विधायक प्रीतम सिंह लोधी के उस सपने को साकार करना है, जिसमें वे पिछोर विधानसभा को प्रदेश में नंबर वन बनाना चाहते हैं। इसी राह पर चलते हुए पटसैरा पंचायत प्रशासन अपनी पंचायत को आदर्श और नंबर वन बनाने की दिशा में काम कर रहा है। उक्त बाउंड्री वॉल का शीघ्र लोकार्पण होगा।

No comments: