---------------------------------News Website By 𝐑𝐚𝐣𝐮 𝐘𝐚𝐝𝐚𝐯--------------------------------

𝙎𝙝𝙞𝙫𝙥𝙪𝙧𝙞 𝙆𝙝𝙖𝙗𝙖𝙧

Tuesday, September 22, 2026

वरिष्ठ नागरिकों की अनूठी मिसाल : गांधी पार्क की सुबह की सैर को बनाया 'हरित अभियान"


शिवपुरी।
उम्र केवल एक संख्या है और यदि मन में समाज के लिए कुछ करने का जज्बा हो, तो जीवन के हर पड़ाव पर सकारात्मक बदलाव की शुरुआत की जा सकती है। इस बात को चरितार्थ कर रहे हैं शिवपुरी के जागरूक वरिष्ठ नागरिक, जिन्होंने सेवानिवृत्ति के बाद आराम की जिंदगी के बजाय पर्यावरण संरक्षण को अपने जीवन का उद्देश्य बना लिया है। गांधी पार्क में इन वरिष्ठ नागरिकों द्वारा निरंतर किया जा रहा वृक्षारोपण और पौधों की देखभाल अब शहरवासियों के लिए प्रेरणा का केंद्र बन गया है। वरिष्ठ नागरिक प्रतिदिन सुबह 6 बजे से 8 बजे तक गांधी पार्क में समय बिताते हैं। 

इस दौरान वे केवल सैर तक सीमित नहीं रहते, बल्कि पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी करते हैं। प्रतिदिन कुछ न कुछ रचनात्मक एवं प्रकृति से जुड़ी गतिविधियां आयोजित की जाती हैं। इससे पार्क की हरियाली और सुंदरता बढऩे के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी लोगों तक पहुंच रहा है। इन वरिष्ठ नागरिकों ने अपने कार्यों से यह संदेश दिया है कि समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए केवल बड़ी घोषणाओं की आवश्यकता नहीं होती, बल्कि छोटे-छोटे प्रयासों को निरंतरता के साथ आगे बढ़ाने की जरूरत होती है। गांधी पार्क में हर सुबह चल रहा यह 'हरित अभियानÓ उम्रदराज लोगों के उत्साह, सामाजिक जिम्मेदारी और प्रकृति के प्रति उनके प्रेम की अनूठी मिसाल बन गया है।

पौधरोपण के साथ बच्चों की तरह करते हैं देखभाल
इस अभियान की सबसे खास बात यह है कि वरिष्ठ नागरिक पौधे लगाने के बाद उनकी जिम्मेदारी से पीछे नहीं हटते। पौधों को समय पर पानी देना, खाद की व्यवस्था करना और ट्री-गार्ड को व्यवस्थित रखना उनकी नियमित दिनचर्या का हिस्सा बन गया है। उनका कहना है कि जिस तरह माता-पिता अपने बच्चों की देखभाल करते हैं, उसी तरह वे इन पौधों को भी अपने परिवार का हिस्सा मानकर उनकी देखरेख करते हैं। आज जब शहरों में लगातार बढ़ते कंक्रीट के विस्तार के बीच हरियाली को बचाए रखना चुनौती बनता जा रहा है, ऐसे समय में वरिष्ठ नागरिकों का यह प्रयास समाज के लिए महत्वपूर्ण संदेश दे रहा है। गांधी पार्क में आने वाले नागरिक और युवा भी इस पहल से प्रेरित होकर पर्यावरण संरक्षण की गतिविधियों में सहभागिता करने लगे हैं।

No comments: