---------------------------------News Website By 𝐑𝐚𝐣𝐮 𝐘𝐚𝐝𝐚𝐯--------------------------------

𝙎𝙝𝙞𝙫𝙥𝙪𝙧𝙞 𝙆𝙝𝙖𝙗𝙖𝙧

Tuesday, November 10, 2026

सर्किल जेल में भाईदूज पर बंदियों के लिए खुली मुलाकात की व्यवस्था आज, महिलाएं और बच्चे कर सकेंगे मुलाकात


06 वर्ष से कम आयु के बच्चों को भी मिल सकेगा प्रवेश, 10 मिनिट हो सकेगी मुलाकात

शिवपुरी-दीपावली के भाईदूज के पावन अवसर पर सर्किल जेल शिवपुरी में निरुद्ध बंदियों से उनके परिजनों की मुलाकात के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं। जेल प्रशासन द्वारा आगामी 11 नवम्बर (बुधवार) को भाईदूज के पर्व पर खुली मुलाकात का आयोजन किया जाएगा, जिसके सुचारू संचालन और सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए विस्तृत दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं।

सर्किल जेल में आयोजित होने वाली इस खुली मुलाकात का समय प्रात: 08.30 बजे से दोपहर 2.30 बजे तक निर्धारित किया गया है। जेल प्रशासन के नियमों के अनुसार पुरुष बंदियों से मुलाकात के लिए उनके परिवार की केवल महिला सदस्यों तथा 06 वर्ष से कम आयु के बच्चों को ही जेल गेट के अंदर प्रवेश दिया जाएगा। प्रत्येक मुलाकात के लिए अधिकतम 10 मिनट का समय तय किया गया है, और समय पूर्ण होने पर परिजनों को स्वत: जेल से प्रस्थान करना होगा। मुलाकात के लिए आने वाले सभी परिजनों (बहनों) को पहले बाहर एकत्रित होना होगा, जिसके उपरांत नियमानुसार मुलाकात कराई जाएगी, बार-बार एक ही बंदी को मुलाकात स्थल पर नहीं बुलाया जाएगा। 

जेल में प्रवेश के समय अपनी पहचान सुनिश्चित करने के लिए परिजनों को आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, राशन कार्ड, मतदाता परिचय पत्र या पैन कार्ड आदि में से कोई एक मूल दस्तावेज अनिवार्य रूप से साथ लाना होगा। इसके अलावा मोबाइल, पर्स, रुपया-पैसे और कीमती सामान जेल गेट के बाहर ही अपने परिजनों के पास छोड़कर आना अनिवार्य है, क्योंकि इन्हें अंदर ले जाने की अनुमति नहीं होगी। जेल प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सामग्री खोने पर प्रशासन की कोई जिम्मेदारी नहीं होगी तथा बंदियों को नगद रुपए देना सख्त मना है। ऐसा करने पर मुलाकात प्रतिबंधित कर दी जाएगी और बंदी के विरुद्ध जेल अपराध दर्ज किया जाएगा। 

मुलाकात के दौरान केवल 250 ग्राम तक की सूखी मिठाई (जैसे गजक, सोनपापड़ी आदि) ही अंदर ले जाने की अनुमति दी जाएगी, जबकि घर का बना हुआ भोजन ले जाने की सख्त मनाही है। जेल प्रशासन द्वारा पूजा की थाल उपलब्ध कराई जाएगी जिसमें हल्दी, कुमकुम और चावल होंगे। जेल प्रशासन ने सभी आगंतुकों से तलाशी प्रक्रिया में पूर्ण सहयोग करने और किसी भी प्रकार का विवाद न करने की अपील की है, ताकि पर्व के उत्साह को आनंदित बनाए रखते हुए शांतिपूर्ण माहौल में भाईदूज का यह कार्यक्रम संपन्न हो सके।

No comments: