---------------------------------News Website By 𝐑𝐚𝐣𝐮 𝐘𝐚𝐝𝐚𝐯--------------------------------

𝙎𝙝𝙞𝙫𝙥𝙪𝙧𝙞 𝙆𝙝𝙖𝙗𝙖𝙧

Thursday, November 12, 2026

शिवपुरी बन रहा नई खेल प्रतिभाओं का केंद्र : केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया



केंद्रीय मंत्री ने 70वीं राष्ट्रीय स्कूल गेम्स एथलेटिक्स चैंपियनशिप का किया शुभारंभ, खिलाडिय़ों के साथ खेला क्रिकेट

शिवपुरी-केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने गुरुवार को शिवपुरी स्थित श्रीमंत माधवराव सिंधिया स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में 70वीं राष्ट्रीय स्कूल गेम्स एथलेटिक्स चैंपियनशिप (अंडर-17 बालक) तथा प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने देश के विभिन्न राज्यों से आए युवा खिलाडिय़ों, प्रशिक्षकों, निर्णायकों और खेल प्रेमियों का स्वागत किया। इसके पहले केंद्रीय मंत्री अंडर-18 अंतर-जिला क्रिकेट टूर्नामेंट का भी शुभारंभ किया। कार्यक्रम के दौरान सिंधिया ने क्रिकेट भी खेला और उनका उत्साहवर्धन किया। देश भर के आए खिलाडिय़ों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि शिवपुरी की धरती पर देशभर की खेल प्रतिभाओं का एकत्रित होना गौरव का विषय है। खिलाड़ी यहां केवल पदक जीतने नहीं, बल्कि अपने सपनों को नई उड़ान देने और अपने प्रदेश एवं देश का प्रतिनिधित्व करने आए हैं। यहां 765 खिलाड़ी और 120 अधिकारी भाग ले रहे हैं। शिवपुरी में पहली बार इस राष्ट्रीय स्तर की अंडर-17 बालक एथलेटिक्स प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है।

इस दौरान केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने कहा कि श्रीमंत माधवराव सिंधिया स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का नाम उनके पूज्य पिताजी श्रीमंत माधवराव सिंधिया जी के नाम पर है। उनके पिताजी का खेलों के प्रति विशेष लगाव था। उनका मानना था कि खेल केवल शारीरिक क्षमता का प्रदर्शन नहीं, बल्कि अनुशासन, नेतृत्व, आत्मविश्वास और चरित्र निर्माण का माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि उनके पिताजी चाहते थे कि युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए बेहतर अवसर और मंच मिले। आज इसी परिसर में देश के विभिन्न राज्यों के सैकड़ों खिलाडिय़ों को अपनी प्रतिभा दिखाते देखकर उन्हें विशेष संतोष हो रहा है। इस परिसर को आने वाले समय में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खिलाडिय़ों की प्रतिभा निखारने का केंद्र बनाना ही उनके पिताजी की सोच को आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास है। 

केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने कहा कि शिवपुरी खेल के क्षेत्र में भी यह नई पहचान बना रहा है। शहर में श्रीमंत माधवराव सिंधिया स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, वीर सावरकर स्टेडियम, विजयपुर स्टेडियम और इंडोर हॉल जैसी खेल सुविधाएं उपलब्ध हैं। उन्होंने विशेष रूप से मध्य प्रदेश राज्य महिला क्रिकेट अकादमी का उल्लेख करते हुए कहा कि देश की पहली शासकीय महिला क्रिकेट अकादमी शिवपुरी में स्थापित होना गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि श्रीमंत माधवराव सिंधिया स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में जूनियर एथलेटिक्स प्रतियोगिता के आयोजन के बाद अब राष्ट्रीय स्कूल गेम्स की मेजबानी करना इस बात का प्रमाण है कि शिवपुरी राष्ट्रीय स्तर के खेल आयोजनों के लिए अपनी क्षमताओं को लगातार विकसित कर रहा है।

शिवपुरी की बेटियों ने खेल के मैदान में बढ़ाया क्षेत्र का गौरव

ज्योतिरादित्य सिंधिया ने शिवपुरी की उभरती खेल प्रतिभाओं की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि क्षेत्र की बेटियां भी खेलों में लगातार अपनी पहचान बना रही हैं। उन्होंने प्रसिद्ध क्रिकेटर  कपिल यादव की सुपुत्रियों दक्षता यादव एवं लावन्या यादव का अंडर-17 मध्य प्रदेश क्रिकेट टीम में चयन होने पर उन्हें और उनके परिवार को बधाई दी। उन्होंने कहा कि इन उपलब्धियों से यह विश्वास मजबूत होता है कि शिवपुरी और आसपास के क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। आवश्यकता उन्हें बेहतर प्रशिक्षण, मार्गदर्शन और अवसर उपलब्ध कराने की है। उन्होंने आकांक्षा व्यक्त की कि आने वाले समय में शिवपुरी का कोई बेटा या बेटी भारतीय क्रिकेट टीम का हिस्सा बने, हॉकी में देश का प्रतिनिधित्व करे, एथलेटिक्स में विश्व स्तर पर तिरंगा फहराए और ओलंपिक में भारत के लिए पदक जीते।

No comments: