---------------------------------News Website By 𝐑𝐚𝐣𝐮 𝐘𝐚𝐝𝐚𝐯--------------------------------

𝙎𝙝𝙞𝙫𝙥𝙪𝙧𝙞 𝙆𝙝𝙖𝙗𝙖𝙧

Friday, November 27, 2026

पार्षद की चेतावनी से जगा नपा अमला, पुरानी शिवपुरी मार्ग पर शुरू हुआ नाली निर्माण



शिवपुरी।
नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 20 के अंतर्गत क्षेत्र में अरिहंत मेडिकल स्टोर के सामने लंबे समय से क्षतिग्रस्त नाली और सड़क की समस्या को लेकर उठाई गई, आवाज का असर दिखाई देने लगा है। यहां पार्षद विजय शर्मा की चेतावनी को लेकर नपा अमला जागा और पुरानी शिवपुरी मार्ग पर नाली निर्माण कार्य शुरू हुआ। यहां नगर पालिका की जेसीबी मशीन मौके पर पहुंची और पुरानी टूटी नाली एवं सड़क को खोदकर निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया। बता दें कि वार्ड क्रमांक 20 के पार्षद विजय शर्मा ने 23 नवंबर 2026 को कलेक्टर को शिकायत आवेदन सौंपा था। आवेदन में बताया गया था कि अरिहंत मेडिकल स्टोर के सामने सड़क पर एक बड़ा और खतरनाक गड्ढा बना हुआ है, जिसके कारण आए दिन राहगीर और वाहन चालक दुर्घटनाओं का शिकार हो रहे हैं। हाल ही में इसी स्थान पर एक टमटम पलट गई थी, जिसमें बैठे लगभग पांच से छह लोग घायल हो गए थे।

पाार्षद ने दी थी चेतावनी
पार्षद विजय शर्मा ने अपने आवेदन में नगर पालिका प्रशासन से तत्काल निरीक्षण कर गुणवत्तापूर्ण मरम्मत कार्य कराने और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की थी। साथ ही स्पष्ट चेतावनी दी थी कि यदि अगले सात दिनों के भीतर उक्त गड्ढे की मरम्मत नहीं कराई जाती है तो जनहित में संबंधित स्थल पर शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन किया जाएगा, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी नगर पालिका प्रशासन की होगी।

हरकत में आया प्रशासन
पार्षद की चेतावनी के बाद नगर पालिका प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए गुरुवार को मौके पर जेसीबी भेजी। जेसीबी से पुरानी टूटी नाली और सड़क को खोदने के साथ मलबा हटाने का कार्य शुरू किया गया। खास बात यह रही कि सात दिन की समय-सीमा पूरी होने से पहले ही निर्माण कार्य शुरू हो गया। इससे स्पष्ट है कि जनसमस्याओं को लेकर जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाई गई आवाज और जवाबदेही की मांग का असर प्रशासन पर दिखाई दे रहा है। अब क्षेत्रवासियों को उम्मीद है कि नाली और सड़क का निर्माण गुणवत्तापूर्ण तरीके से जल्द पूरा होगा, ताकि भविष्य में किसी अप्रिय दुर्घटना की आशंका न रहे। 

No comments: