घनी बस्ती में विस्फोट से मचा अफरा-तफरी का माहौल, घायलों को जिला अस्पताल व मेडीकल कॉलेज पहुंचायाशिवपुरी- जिले के बदरवास में मंगलवार के रोज एक भीषण विस्फोट उस समय हुआ जब सभी लोग अपने-अपने कामों में व्यस्त थे। यह घटना बदरवास की उस घनी बस्ती मे हुई जहां एक आतिशबाजी का गोदाम बीच बाजार में स्टॉक के रूप में रखी जा रही थी तभी एकाएक जोरदार विस्फोट हुआ और इस विस्फोट के होते ही यहां अफरा-तफरी मच गई। इस विस्फोट से जहां आतिशबाजी गोदाम में कार्य कर रहे दर्जनों लोगों में से 4 की मौके पर ही मौत हो गई जबकि शेष घायलों को गंभीर अवस्था में उपचार के लिए जिला चिकित्सालय व मेडीकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। यहां मेडीकल कॉलेज में गंभीर तीन घायलों को ग्वालियर रैफर किया गया। घटना के बाद क्षेत्रीय विधायक वीरेन्द्र रघुवंशी सहित कलेक्टर अक्षय कुमार सिंह, एसपी राजेश सिंह चंदेल व स्थानीय अन्य जनप्रतिनिधि भी पहुंचे और हालातों का जायजा लिया।
जानकारी के अनुसार जिले के बदरवास क्षेत्र में एबी रोड़ पर संचालित एसबीआई बैंक के सामने ही बदरवास के प्रसिद्ध आतिशबाजी पप्पू मंसूरी व बबलू मंसूरी का निवास है यहीं उनका आतिशबाजी का गोदाम भी बना हुआ है जिस पर प्रतिदिन दर्जन भर लोगों की आवाजाही और काम करते रहते है। चूंकि स्वयं भवन व आतिशबाजी स्वामी पप्पू मंसूरी और बबलू मंसूरी दोनों भाई हैं और आतिशबाजी का काम करते हैं और इस आतिशबाजी के काम में उनकी लेबर के एक दर्जन लोग भी वहीं मौजूद रहकर काम रोज की भांति कर रह थे। तभी मंगलवार के रोज दोपहर के समय एकाएक एक विस्फोट इस आतिशबाजी गोदाम में हुआ और आग लग गई।
इस घटना में मौके पर ही आगजनी की चपेट में वहां कार्य करने वाली लेवर सहित मंसूरी परिवार के लोग आ गए, जिसमें एक दर्जन लोग गंभीर हालत में जिला अस्पताल व मेडीकल कॉलेज के लिए रैफर किए गए हैं। वहीं एक बच्ची सहित चार लोगों की मौके पर मौत हो गई है. घटना की सूचना मिलते ही शिवपुरी एसपी सहित रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और बचाव कार्य करते हुए घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया। यहां मेडीकल कॉलेज में भर्ती तीन गंभीर घायलों को शिवपुरी से ग्वालियर के लिए रैफर किया गया। घटना के बाद बड़ी संख्या में लोगों का जमाबड़ा हो गया और कई लोग घायलों को घटना से बाहर निकालने का प्रयास करते हुए नजर आए।
वहीं इस विस्फोट के बाद घर में चीख-पुकार मच गई और रूदान का माहौल नजर आया। आसपास के लोगों ने यहां पहुंचकर मदद को हाथ बढ़ाए और घायलों को आतिशबाजी के गोदाम से बाहर निकालकर समीप के अस्पताल में भर्ती कराया जहां प्राथमिक उपचार के बाद जिला मुख्यालय स्थित जिला चिकित्सालय व मेडीकल कॉलेज के लिए रैफर किया गया।
घनी बस्ती में बारूद के बीच खड़ी थी मौत!
यंू तो अक्सर जब भी कोई आतिशबाजी विस्फोट से संबंधित कार्य या गोदाम होता है तो वह घनी बस्तियों से दूर ही रखा जाता है लेकिन बदरवास में प्रसिद्ध आतिशबाजी के रूप में पप्पू व बबलू मंसूरी अपने परिवार के साथ बारूद के ढेर पर घनी बस्ती में ही मौत को आमंत्रण देकर निवास कर रहे थे साथ ही अन्य कर्मचारी जो कि यहां लेवर के रूप में काम करती थी वह भी रोज आती थी। इसी बीच इस घनी बस्ती में मंगलवार को हुए विस्फोट ने आखिरकार बारूद के बीच खड़ी मौत का मंजर सामने ला दिया और इस हृदय विदारक हादसे में मौके पर ही एक बच्ची सहित 4 लोगों की मौत हो गई। जिससे पूरा माहौल गमगीन हो गया। एक ओर जहां लोग मंसूरी परिवार को बचाने की फिराक में लगे रहे तो वहीं कई लोग इस तरह घनी आबादी में आतिशबाजी विस्फोट गोदाम होने से हलाकान थे।
विधायक व कलेक्टर-एसपी ने किया मौका मुआयना, केन्द्रीय मंत्री सिंधिया ने भी जताया दु:ख
बदरवास में हुए भीषण आतिशबाजी विस्फोट घटना की सूचना मिलते ही मौके पर क्षेत्रीय विधायक वीरेन्द्र रघुवंशी सहित कलेक्टर अक्षय कुमार सिंह व पुलिस अधीक्षक राजेश सिंह चंदेल भी पहुंचे और घटनास्थल के हालातों का जायजा लिया। यहां शोक संतृप्त परिवार को जहां प्रतिनिधियों व प्रशासनिक अधिकारियों ने ढांढस बंधाया तो वहीं घायलों के उपचार को लेकर उन्हें जिला मुख्यालय स्थित जिला अस्पताल व मेडीकल कॉलेज में उपचार को लेकर अधीनस्थों को आवश्यक निर्देश भी दिए।
इस दौरान केन्द्रीय उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया को भी जब बदरवास में आतिशबाजी गोदाम में विस्फोट होने की जानकारी लगी तो उन्होंने अपने ट्विटर हैंडल पर दु:ख व्यक्त किया और शोक संतृप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। वहीं दूसरी ओर मेडीकल कॉलेज में विस्फोट के घायलों के उपचार को देखने के लिए प्रदेश कार्यसमिति सदस्य हरवीर सिंह रघुवंशी भी पहुंचे और उन्होंने मेडीकल डीन डॉ.अक्षय निगम से चर्चा कर घायलों को उपचार के लिए हर संभव उपचार की हिदायत दी व तीन गंभीर घायलों को ग्वालियर रैफर भी कराया।


No comments:
Post a Comment