---------------------------------News Website By 𝐑𝐚𝐣𝐮 𝐘𝐚𝐝𝐚𝐯--------------------------------

𝙎𝙝𝙞𝙫𝙥𝙪𝙧𝙞 𝙆𝙝𝙖𝙗𝙖𝙧

Sunday, May 22, 2022

नल-जल योजना में भ्रष्टाचार करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा, गुणवत्ता के साथ पूर्ण हो कार्य : विधायक वीरेन्द्र रघुवंशी


कोलारस विधानसभा क्षेत्र के लिए 40 नल-जल योजनाऐं स्वीकृत कराई, लेकिन कार्य अधूरा होने से विधायक ने जताई नाराजगी

शिवपुरी- देखने में आ रहा है कि शासकीय योजनाऐं मानकर उसमें भ्रष्टाचार करने का कुछेक जिम्मेदारों के द्वारा प्रयास किया जा रहा है लेकिन कोलारस विधानसभा क्षेत्र में ग्रामीणजनों के लिए स्वीकृत 40 नल-जल योजनाओं में किया जाने वाला भ्रष्टाचार कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और इस मामले में उच्च स्तरीय जांच कमेटी बनाई जाए जो इस कार्य की मॉनीटरिंग करें और दोषियों के खिलाफ एक्शन लेकर तुलंत निलंबन जैसी कार्यवाही भी की जावे। 

उक्त बात कही कोलारस विधायक वीरेन्द्र रघुवंशी ने जिन्होनें अपने अथक प्रयासों से माननीय मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के द्वारा कोलारस विधानसभा क्षेत्र के लिए 40 नल-जल  योजनाऐं ना केवल स्वीकृत कराई बल्कि 17 नल-जल योजना एल एण्ड टी कंपनी के द्वारा निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ नियमित समयावधि में किया जा रहा है लेकिन देखने में आ रहा है कि 23 नल-जल योजनाऐं जो कि लोक स्वास्थ्य यांत्रिकीय विभाग के द्वारा पूर्ण की जाना है उसमें गुणवत्ता का ध्यान नहीं दिया जा रहा और समयावधि भी लगातार बढ़ रही है जिससे दूरस्थ ग्रामीण अंचलों के ग्रामीणजन इस महती परियोजना से वंचित हो रहे है। 

अपनी नाराजगी व्यक्त करते हुए विधायक वीरेन्द्र रघुवंशी ने इस मामले में माननीय मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान सहित लोक स्वास्थ्य यांत्रिकीय विभाग के प्रमुख अभियंता को पत्र लिखकर 23 नल-जल योजनाऐं जो कि पीएचई विभाग के द्वारा पूर्ण करने का कार्य किया जा रहा है उसकी जांच करें और मामले में दोषियों के खिलाफ समय रहते कार्यवाही भी की जावे। बता दें कि बीते कुछ समय पूर्व ग्वालियर कमिश्रर के दौरे के दौरान सेसई में नल-जल योजना में भ्रष्टाचार और हीलाहवाली को लेकर एक सब इंजीनियर को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया था इसी तरह की कार्यवाही अब भविष्य में होना चाहिए ताकि गुणवत्तायुक्त निर्माण कार्य हो।

यह बताई निर्माण कार्य में खामियां, देरी से जताई नाराजगी
विधायक वीरेन्द्र रघुवंशी ने कई खामियों को उजागर करते हुए अपनी नाराजगी व्यक्त करते हुए बताया कि ग्राम बिजरौनी में 01 करोड़ 91 लाख रूपये की लागत से स्वीकृत नल-जल योजना का निर्माण कार्य पूर्ण होना बताया गया है तथा पेयजल परियोजना लोकार्पण हेतु तैयार है किन्तु योजना से अभी तक महज 40 प्रतिशत आबादी को ही पेयजल उपलब्ध हो पा रहा हैै, बिजरौनी ग्राम की शेष 60 प्रतिशत आबादी को आज भी नल-जल योजना से पेयजल उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। यहां उल्लेखनीय है कि बिजरौनी ग्राम सर्वाधिक जनसंख्या वाला ग्राम है उक्त ग्राम की जनसंख्या 7300 है इतनी राशि व्यय करने के उपरांत भी आमजन को पेयजल नहीं मिलने से सरकार की छवि पर विपरीत प्रभाव पड़ रहा है। इस संबंध विधायक श्री रघुवंशी के द्वारा विभाग के अधिकारियों को अनेक बार सूचित किया गया किन्तु उनके द्वारा अब तक कोई कार्यवाही नहीं की गई।

कहीं टंकी लीकेज तो कहीं बोरिंग में है पानी की कमी
विधायक वीरेन्द्र रघुवंशी ने मुख्य अभियंता को नल-जल योजना में होने वाले भ्रष्टाचार के संबंध में शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि जिन 23 नल-जल योजनाओं को पीएचई द्वारा बनाया जा रहा है उनमें से अधिकतर योजनाओं के निर्माण की गुणवत्ता अत्यंत घटिया है किसीभी ग्राम में स्वीकृत योजना से संपूर्ण आबादी को पानी नहीं मिल पा रहा है जिसमें कई पाईप लीकेज हो रहा है तो कहीं टंकी लीकेज है या फिर कहीं बोरिंग में ही पानी की कमी है। निर्माण कार्य एक वर्ष से अधिक समय से प्रारंभ होने के उपरांत भी एक भी नल-जल योजना पूर्णत: प्रारंभ नहीं हो सकी है जिससे ग्रामीणजनों को पयेजल मिलने में विलंब हो रहा है। इस संबंध में अपनी नाराजगी व्यक्त करते हुए विधायक वीरेन्द्र रघुवंशी ने माननीय मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान एवं प्रमुख अभियंता लोक स्वास्थ्य यांत्रिकीय विभाग भोपाल को पत्र लिखकर अवगत कराया गया था किन्तु प्रकरण में अब तक कोई कार्यवाही नहीं होने से भी संबंधित पर शीघ्र कार्यवाही कर निर्माण कार्यों की जांच की मांग की गई है।

No comments: