Responsive Ads Here

Shishukunj

Shishukunj

Sunday, August 13, 2023

प्रियंका गांधी और कमलनाथ के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर शिवराज सरकार ने स्वीकारा भ्रष्टाचारी होना : विजय सिंह चौहान


शिवराज सरकार में 50 प्रतिशत कमीशन का झूठ बेनकाब, प्रेसवार्ता में कांग्रेस ने मप्र की भाजपा सरकार पर लगाए आरोप

शिवपुरी-मध्यप्रदेश में 50 प्रतिशत कमिशन राज की शिवराज सरकार को बेनकाब करने पर भाजपा ने कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव श्रीमती प्रियंका गांधी, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ, कांग्रेस के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी जयराम रमेश, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अरुण यादव सहित कई नेताओं पर पूरे प्रदेश में मुकदमा दर्ज किया है। इसे लेकर जिलाध्यक्ष विजय सिंह चौहान ने पत्रकार वार्ता में कहा कि कांग्रेस चोरी और सीना जोरी की इस कार्यवाही का विरोध और घोर निंदा करती हैं। कांग्रेस का एक-एक कार्यकर्ता संकल्प लेता है कि वह कांग्रेस पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष कमलनाथ के नेतृत्व में इस कमीशन राज की शिवराज सरकार को उखाड़ फेंकेगा और मध्य प्रदेश को कमीशन राज और घोटालों से मुक्ति दिलाएगा। इस अवसर पर पत्रकार वार्ता में जिलाध्यक्ष चौहान के साथ संगठन मंत्री राजकुमार बंसल, जिला उपाध्यक्ष एवं कार्यालय प्रभारी राजेश बिहारी पाठक, जिला महासचिब विजय चौकसे व जिला प्रवक्ता राजकुमार शाक्य मौजूद रहे ।

इस दौरान प्रेसवार्ता में कांग्रेस जिलाध्यक्ष विजय सिंह चौहान ने मप्र भाजपा सरकार पर आरोप लगाए कि मध्य प्रदेश की शिवराज सिंह चौहान सरकार के 50 प्रतिशत के कमीशन राज को उजागर करने वाले पेटी कांट्रेक्टर भाई का बहुत-बहुत धन्यवाद, इस पत्र को समाचार पत्रों में प्रकाशित करने वाले पत्रकार साथियों का बहुत धन्यवाद और इन समाचारों को ट्वीट कर पूरी दुनिया के सामने शिवराज सिंह चौहान सरकार के भ्रष्टाचार को उजागर करने के लिए कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव श्रीमती प्रियंका गांधी, मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कमलनाथ, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के मीडिया प्रभारी जयराम रमेश और मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष अरुण यादव सहित सभी नेताओं का बहुत-बहुत धन्यवाद। मध्यप्रदेश में आखिरकार आधिकारिक रूप से शिवराज सिंह चौहान सरकार का 50 प्रतिशत का कमीशन राज सामने आ गया है। सोशल मीडिया के माध्यम से पूरे प्रदेश को एक पत्र प्राप्त हुआ जिसमें हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश से एक ठेकेदार ने फरियाद की कि 50 प्रतिशत कमीशन के कारण प्रदेश में भ्रष्टाचार चरम पर है। इस पत्र को मध्य प्रदेश के मीडिया ने प्रमुखता से उठाया।

 उन्होंने कहा कि मप्र में सरकारी ठेकों में किस कदर भ्रष्टाचार हो रहा है इसे इस बात से समझा जा सकता है कि आज 13 अगस्त के दिन पिछले साल कारम बांध टूट गया था, 300 करोड रुपए की लागत से बना यह बांध पहली बरसात भी नहीं झेल पाया था, इसकी वजह 50 प्रतिशत कमिशन नहीं तो और क्या थी? मध्य प्रदेश में बच्चों और गर्भवती महिलाओं के पोषण आहार में घोटाला होने की खबर आप सबके सामने है। महाकाल लोक के निर्माण में भी जिस तरह घोटाला किया गया, वह वहां गिरी सप्त ऋषि की मूर्तियां अपने आप बयान करती हैं। जरा सी बा? में कारम डैम का बह जाना बताता है कि मध्य प्रदेश में ठेकेदारी में कितना कमीशन चल रहा है। 

अंत में कांग्रेस जिलाध्यक्ष श्री चौहान ने कहा कि शिवराज सरकार ने पहले पटवारी घोटाले को स्वीकार नहीं किया, लेकिन बाद में जांच के लिए तैयार हुये। इसी तरह 50 प्रतिशत कमीशन, घोटाले को भी अंतत: भाजपा सरकार को स्वीकार करना पड़ेगा। जिस तरह से कर्नाटक की जनता ने भाजपा के 40 प्रतिशत कमीशन राज को उखाड़ फेंका था, वैसे ही मप्र की जनता शिवराज के 50 प्रतिशत के कमीशन राज को भी उखाड़ फेंकेगी।

No comments:

Post a Comment