---------------------------------News Website By 𝐑𝐚𝐣𝐮 𝐘𝐚𝐝𝐚𝐯--------------------------------

𝙎𝙝𝙞𝙫𝙥𝙪𝙧𝙞 𝙆𝙝𝙖𝙗𝙖𝙧

Friday, September 12, 2025

डॉक्टर, इंजीनियर बनने से पहले आदर्श नागरिक बनें छात्र : केंद्रीय मंत्री सिंधिया


केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने डिग्री लॉ कॉलेज का शिलान्यास और पीएम कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस के भवन का किया उद्घाटन

शिवपुरी-केंद्रीय संचार एवं उत्तर-पूर्वी क्षेत्र विकास मंत्री तथा सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने शुक्रवार को शिवपुरी में डिग्री लॉ कॉलेज का भूमिपूजन किया और प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ़ एक्सीलेंस, शासकीय श्रीमंत माधवराव सिंधिया स्नातकोत्तर महाविद्यालय के नवीन भवनों उद्घाटन किया। इन भवनों से शिवपुरी के उच्च शिक्षा परिदृश्य को सुदृढ़ करने और युवाओं को आधुनिक एवं गुणात्मक शिक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम और मजबूती मिली है। इस मौके पर पूर्व मंत्री सुरेश राठखेडा, विधायक शिवपुरी देवेंद्र जैन, विधायक कोलारस महेंद्र यादव, विधायक करैरा रमेश खटीक, विधायक पिछोर प्रीतम लोधी, भाजपा जिलाध्यक्ष जसमंत जाटव, कलेक्टर रवीन्द्र कुमार चौधरी, पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौड़, नगर पालिका अध्यक्ष गायत्री शर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष नेहा यादव, जनपद अध्यक्ष हेमलता रावत, पूर्व विधायक शकुंतला खटीक, ओमप्रकाश खटीक, माखनलाल राठौर, प्रहलाद भारती, सीमा शिवहरे, राजू बाथम सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी, छात्र-छात्राएं, शिक्षकगण आदि उपस्थित थे।

केन्द्रीय मंत्री सिंधिया ने कहा कि छात्रों को ठान लेना चाहिए कि यह भवन केवल अध्ययन का केंद्र न रहकर, नवाचार, संस्कृति और मूल्यों का जीवंत केंद्र बने क्योंकि यह कार्यक्रम यह भावनाओं और आकांक्षाओं का उत्सव है। जैसे किसी परिवार में नई पीढ़ी के लिए नया घर तैयार होता है, वैसे ही ये भवन आने वाली पीढयि़ों के लिए नए सपनों का आशियाना बनेंगे। उन्होंने कहा कि यह केवल दो भवनों का शिलान्यास व लोकार्पण नहीं है, यह हमारी आने वाली पीढिय़ों के लिए अवसरों का भूमिपूजन है। उन्होंने प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस शासकीय श्रीमंत माधवराव सिंधिया स्नातकोत्तर महाविद्यालय के परिसर में आज मुख्य शैक्षणिक 3-मंजिला भवन का लोकार्पण किया। 

यह भवन 4 करोड़ की लागत से तैयार किया गया है। साथ ही परिसर में नया लॉ भवन (2 करोड़), कॉमर्स भवन (3.86 करोड़), दो आधुनिक कंप्यूटर प्रयोगशालाएँ, बीएसएनएल एवं ई-ग्रन्थालय, भव्य सभागार, रीडिंग रूम और सरस्वती वाटिका में 20 लाख की लागत से दो ओपन-जिम जैसी सुविधाएँ स्थापित की गई हैं। इन निवेशों से परिसर की शैक्षणिक व सह-शैक्षणिक क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी और छात्रों को डिजिटल युग के अनुरूप प्रशिक्षण प्राप्त होगा। उल्लेखनीय है कि यह संस्थान 14 जुलाई 2024 को 'प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस के रूप में मान्यता प्राप्त कर चुका है। इस संदर्भ में सिंधिया ने कहा कि इस उपलब्धि से न सिर्फ महाविद्यालय की प्रतिष्ठा में वृद्धि हुई बल्कि यहां के छात्रों को भी आत्मविश्वास मिला। अब यह भवन सभी छात्रों को सपनों को नया हौसला और उड़ान देंगे।

No comments: