---------------------------------News Website By 𝐑𝐚𝐣𝐮 𝐘𝐚𝐝𝐚𝐯--------------------------------

𝙎𝙝𝙞𝙫𝙥𝙪𝙧𝙞 𝙆𝙝𝙖𝙗𝙖𝙧

Thursday, February 26, 2026

श्री खेड़ापति सरकार के सानिध्य में भव्य गुढ़ी पड़वा महा महोत्सव 18 मार्च से, हुआ भूमिपूजन


आऐंगें 40 देशों के मेहमान, देवकीनंदन ठाकुर की वाणी से होगा श्रीमद् भागवत कथा का वाचन

शिवपुरी-धर्म, संस्कृति और सेवा का एक ऐसा त्रिवेणी संगम शिवपुरी की धरा पर होने जा रहा है, जिसकी गूंज सात समंदर पार तक सुनाई देगी। आगामी 19 मार्च से हवाई पट्टी के पीछे नर्सरी ग्राउंड पर श्री खेड़ापति सरकार के सानिध्य में गुढ़ी पड़वा महा महोत्सव का आयोजन होने जा रहा है। इस विशाल आयोजन के लिए बीते दिन भूमि पूजन और यज्ञ संपन्न हुआ, जिसने पूरे शहर को भक्तिमय कर दिया है। इस अवसर पर भूमि पूजन कार्यक्रम में संत-महात्मा सहित नगर के गणमान्य नागरिक समाजसेवी एवं नगरवासी मौजूद रहे। मंचासीन महामण्डलेश्वर श्रीनीलमणि दास जी महाराज, डॉ.गिरीश जी महाराज महंत श्रीबांकड़े मंदिर, श्रीखेड़ापति मंदिर महंत पं.मोहित दास जी महाराज, नपाध्यक्ष श्रीमती गायत्री शर्मा, सांसद प्रतिनिधि विजय शर्मा, मध्यदेशीय अग्रवाल समाज अध्यक्ष सुमत कुमार गुप्ता (ख्यावदा वाले), प्रकाश सोनी नगर अध्यक्ष बजरंग दल संगठन, समाजसेवी तरूण अग्रवाल, रामप्रकाश गुप्ता (कपिल मोटर्स) मंचासीन रहे जिनके द्वारा कथा स्थल पर भूमिपूजन कार्यक्रम में आहुतियां दी गई।

विश्व विख्यात कथावाचक श्री देवकीनंदन ठाकुर जी महाराज करेंगें श्रीमद् भागवत कथा का वाचन
इस महा महोत्सव की भव्यता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि विश्व विख्यात कथावाचक श्री देवकीनंदन ठाकुर जी महाराज श्रीमद् भागवत कथा का वाचन करेंगे। आस्था का आकर्षण ऐसा है कि कथा श्रवण के लिए 40 विभिन्न देशों से विदेशी श्रद्धालु शिवपुरी पहुँच रहे हैं।

होगी ऋषिकेश की तर्ज पर महाआरती
खेड़ापति दरबार के महंत मोहित दास महाराज एवं नीलमणि महाराज ने प्रेस वार्ता में आयोजन की रूपरेखा साझा की। ऋषिकेश की तर्ज पर महाआरती, साक्षात गंगा तट का अनुभव कराने के लिए ऋषिकेश से 11 प्रकांड विद्वान ब्राह्मण आ रहे हैं, जो प्रतिदिन शाम 7:30 बजे भव्य महाआरती करेंगे। इस दौरान नवरात्रि के पावन पर्व पर कथा स्थल पर 9 देवियों के अस्थाई शक्तिपीठों की स्थापना की जाएगी। भक्ति के साथ सामाजिक सरोकार निभाते हुए 16 निर्धन कन्याओं का भव्य विवाह कराया जाएगा, जिन्हें पूर्ण गृहस्थी का सामान उपहार स्वरूप दिया जाएगा।

2500 सेवादारों की रहेगी फौज, बनेगी 25 समितियां
इतने विशाल जनसमूह को संभालने के लिए 25 विशेष समितियां और 2500 समर्पित स्वयंसेवक दिन-रात तैनात रहेंगे। श्रद्धालुओं के लिए भंडारा, एक दिवसीय विशेष यज्ञ और सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। यज्ञ में शामिल होने के लिए श्रद्धालुओं को आधार कार्ड के साथ अपना पंजीयन कराना होगा।

परशुराम सेना ने निकाली विशाल वाहन रैली
भूमि पूजन के बाद परशुराम सेना दल द्वारा निकाली गई विशाल वाहन रैली ने उत्सव का बिगुल फूंक दिया। झांसी तिराहा से लेकर माधव चौक , राजेश्वरी रोड कोर्ट रोड से होते हुए कथा स्तर तक पहुंची इस दौरान जिधर भी नजर गई, वहां श्रद्धा का सैलाब और 'जय श्री राम' के नारे गूंजते रहे। महामंडलेश्वर नीलमणिदास जी महाराज और महंत मोहित जी महाराज की उपस्थिति ने इस रैली को और भी गरिमामय बना दिया। इस अवसर पर शहर के कई गणमान्य ज एवं संत महात्मा मौजूद रहे।

No comments: