---------------------------------News Website By 𝐑𝐚𝐣𝐮 𝐘𝐚𝐝𝐚𝐯--------------------------------

𝙎𝙝𝙞𝙫𝙥𝙪𝙧𝙞 𝙆𝙝𝙖𝙗𝙖𝙧

Monday, March 2, 2026

होलिका दहन के बाद आज चन्द्रग्रहण का प्रभाव, कल मनाई जाएगी रंगोत्सव की होली


सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस बल भी रहेगा तैनात, हुड़दंगीईयों पर रहेगी नजर

शिवपुरी- अपने बुराईयों और द्ववेष भावनों को होलिका दहन में नष्ट करने के बाद चन्द्रग्रहण का प्रभाव होने के चलते नगर में कल 4 मार्च को बड़े उत्साह और उल्लास के साथ रंगोत्सव का पर्व होली खेली जाएगी। इसे लेकर नगर में एक ओर जहां सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस तैनात रहेगी तो वहीं हुड़दंगियों के लिए पुलिस का मार्च भी विभिन्न स्थानों पर जारी रहेगा। कलेक्टर रविन्द्र चौधरी व पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौड़ ने सभी आमजन से प्रेम व सद्भाव के साथ होली का त्यौहार मनाने की अपील की है। इस बार होली के त्यौहार को लेकर असमंजस की स्थिति बनी रही जिसके चलते एक ओर जहां 2 मार्च को होलिका दहन हुआ तो वहीं दूसरी ओर 3 मार्च को चन्द्रग्रहण के चलते होली नहीं खेली जाएगी और 4 मार्च को होली का त्यौहार मनाया जाएगा। इसके साथ ही होली के त्यौहार पर कोई हुड़दंगी या नशा करते हुए पाया जाता है तो इसके लिए पुलिस बल भी तैनात है। नगर में अनेकों स्थानों पर होली खेलने को लेकर व्यापक इंतजाम किए गए है। वहीं कई जगह रंग-गुलाल के साथ होली का यह त्यौहार मनाया जाएगा।

केमिकल युक्त रंग से रहे दूर, प्राकृतिक रंगों व गुलाल का ही करें इस्तेमाल

बता दें कि होली के त्यौहार के दौरान कुछ सावधानियां भी बरतनी चाहिए जिसमें आज कल बाजार में कई केमिकल युक्त रंग (कलर) आ रहे है, जो त्वचा को नुकसान पहुंचा सकते है। इसलिए प्राकृतिक केमिकल रहित रंगों का ही उपयोग करें। हो सके तो रंगों के बजाय गुलाल, रोली आदि का उपयोग करें तो बेहतर होगा। रंग-गुलाल लगाते समय यह ध्यान रखें कि वह आंख, कान में न जाने पाए। पशु- पक्षियों पर रंग- गुलाल न डालें,क्योंकि वो उसे साफ करने के लिए अपनी जीभ का उपयोग करते है,जिससे वह उनके पेट में चला जाता है उससे वे बीमार भी हो सकते है। रंग के त्यौहार को तरंग का त्यौहार मत बनाइये, होली के अवसर पर नशीली बस्तुओं से दूरी रखें।

गौकाष्ठ आधारित होलिका दहन का आयोजन, स्वच्छ-स्वस्थ होली मनाने का दिया संदेश

ब्लॉक कोलारस अंतर्गत ग्राम राजगढ़ एवं डेहरवारा में पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से गौकाष्ठ आधारित होलिका दहन उत्सव आयोजित किया गया। कार्यक्रम में गोबर से निर्मित उपलों/गौकाष्ठ के माध्यम से होलिका दहन किया गया। इस अवसर पर उपस्थित जनसमुदाय को लकड़ी का उपयोग न करने एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। साथ ही स्वच्छ एवं स्वस्थ होली मनाने की अपील की गई। कार्यक्रम में जनपद पंचायत कोलारस के मुख्य कार्यपालन अधिकारी दिनेश शाक्य, ब्लॉक मैनेजर संजय चौहान, अमित बंसल, आजीविका मिशन से जुड़े समूह की सदस्याएं, सरपंच एवं सचिव सहित ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

होली पर्व पर 3 एवं 4 मार्च को सार्वजनिक एवं सामान्य अवकाश घोषित
मध्य प्रदेश शासन, सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा संशोधित अधिसूचना जारी की गई है। जिसमें होली के पावन पर्व के अवसर पर राज्य में सार्वजनिक एवं सामान्य अवकाश घोषित किया गया है। जारी संशोधित अधिसूचना के अनुसार 03 मार्च 2026 (मंगलवार) को होली पर्व के अवसर पर सार्वजनिक एवं सामान्य अवकाश रहेगा। इसके साथ ही राज्य शासन द्वारा 04 मार्च 2026 (बुधवार) को भी नेगोशिएबल इंस्ट्रूमेंट्स एक्ट, 1881 की धारा 25 के अंतर्गत सार्वजनिक एवं सामान्य अवकाश घोषित किया गया है। इसके फलस्वरूप सामान्य प्रशासन विभाग की अधिसूचना क्रमांक एफ 03-01/2025/1/4, 29 दिसम्बर 2025 को उक्त सीमा तक संशोधित माना जाएगा।

त्योहारों पर कानून व्यवस्था बनाये रखने हेतु कार्यपालिक मजिस्ट्रेट नियुक्त

शिवपुरी-होलिका दहन से 8 मार्च (रंग पंचमी) के त्यौहारों तक शिवपुरी जिलांतर्गत कानून व्यवस्था बनाये रखने हेतु कार्यपालिक मजिस्ट्रेटों की ड्यूटी लगाई गई है। समस्त अनुविभागीय दण्डाधिकारी उक्त त्यौहार के दौरान अपने-अपने अनुभाग की कानून व्यवस्था बनाये रखने के प्रभारी रहेंगे व अपने स्तर से कार्यपालिक मजिस्ट्रेट, राजस्व निरीक्षक व पटवारियों की ड्यूटी लगाकर वस्तुस्थिति से समय-समय पर अवगत करायेंगे। इसी प्रकार प्रभारी तहसीलदार /कार्यपालिक मजिस्ट्रेट सिद्धार्थ भूषण शर्मा का ड्यूटी स्थल थाना कोतवाली अंतर्गत आने वाले स्थानों पर, नायब तहसीलदार / कार्यपालिक मजिस्ट्रेट अनिल धाकड़ का ड्यूटी स्थल थाना फिजीकल अंतर्गत आने वाले स्थानों पर तथा नायब तहसीलदार / कार्यपालिक मजिस्ट्रेट शिवम उपाध्याय तथा अजीत सिंह तोमर का ड्यूटी स्थल थाना देहात अंतर्गत आने वाले स्थानों पर रहेगा, जबकि अनुविभागीय दण्डाधिकारी शिवपुरी आनंद सिंह राजावत शहर अंतर्गत सम्पूर्ण कानून व्यवस्था के प्रभारी अधिकारी रहेंगे तथा सभी कार्यपालिक मजिस्ट्रेट अपने-अपने अनुविभागीय दण्डाधिकारी के मार्गदर्शन में कार्य करेंगे। सभी अनुविभागीय दण्डाधिकारी समय-समय पर जिला दण्डाधिकारी को वस्तुस्थिति से अवगत कराना सुनिश्चित करेंगे।

No comments: