---------------------------------News Website By 𝐑𝐚𝐣𝐮 𝐘𝐚𝐝𝐚𝐯--------------------------------

𝙎𝙝𝙞𝙫𝙥𝙪𝙧𝙞 𝙆𝙝𝙖𝙗𝙖𝙧

Wednesday, April 15, 2026

सेवा भारती छात्रावास शिवपुरी का परिणाम रहा शत-प्रतिशत, भैया लाखन सहरिया ने 92.8 प्रतिशत अंक हासिल किए


समाज के सहयोग से सेवा भारती पिछले 25 वर्षों से जनजाति समाज के बच्चों के लिए निरंतर कर रही है सेवा कार्य

शिवपुरी। माध्यमिक शिक्षा मंडल, भोपाल द्वारा घोषित कक्षा 10वीं के परीक्षा परिणाम में शिवपुरी के सेवा भारती छात्रावास, ने एक बार फिर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए शत-प्रतिशत परिणाम प्राप्त किया है। यह उपलब्धि संस्था के लिए अत्यंत गर्व का विषय है। इस अवसर पर छात्रावास के होनहार छात्र भैया लाखन सहरिया ने 92.8 प्रतिशत अंक प्राप्त कर न केवल छात्रावास, बल्कि सेवा भारती का नाम भी गौरवान्वित किया है। उनकी इस सफलता से पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है।

उल्लेखनीय है कि सेवा भारती पिछले 25 वर्षों से शिवपुरी क्षेत्र में जनजाति समाज के बच्चों के लिए निरंतर सेवा कार्य कर रही है। अब तक इस छात्रावास से 337 छात्र शिक्षा प्राप्त कर चुके हैं, जिनमें से 48 छात्र शासकीय सेवाओं में पहुंचकर समाज की सेवा कर रहे हैं। छात्रावास अध्यक्ष हरिज्ञान प्रजापति ने बताया कि समाज के सहयोग से इस छात्रावास का सफल संचालन संभव हो पाया है। उन्होंने उन सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया, जिन्होंने बच्चों को गोद लेकर उनकी शिक्षा में योगदान दिया। 

छात्रावास अधीक्षक मुकेश कर्ण ने इस सफलता का श्रेय बच्चों की मेहनत, अनुशासन और नियमित दिनचर्या को दिया। उन्होंने बताया कि छात्रावास में रहकर विद्यार्थी समर्पण भाव से पढ़ाई करते हैं, जिससे ऐसे उत्कृष्ट परिणाम सामने आते हैं। विभाग समन्वयक अर्जुन सिंह दांगी के अनुसार, सेवा भारती शिक्षा, स्वास्थ्य और स्वावलंबन के क्षेत्रों में मध्य भारत में निरंतर कार्य कर रही है। शिक्षा आयाम के अंतर्गत संस्कार केंद्र, छात्रावास और विद्यालयों का संचालन किया जा रहा है, जो समाज के सहयोग से ही संभव हो पाता है। यह उपलब्धि न केवल छात्रावास बल्कि पूरे समाज के लिए गर्व का विषय है। सेवा भारती ने आशा व्यक्त की है कि भविष्य में भी समाज का सहयोग इसी प्रकार मिलता रहेगा, जिससे और अधिक बच्चों का भविष्य उज्ज्वल बनाया जा सके।

No comments: