खनिज निरीक्षक सोनू श्रीवास एवं ऋषभ दीक्षित की माफियाओं पर ताबड़तोड़ कार्रवाई:
शिवपुरी। कलेक्टर अर्पित वर्मा के निर्देश और खनिज अधिकारी रामसिंह उइके के मार्गदर्शन में खनिज विभाग की टीम ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध खनिज परिवहन में लगे तीन वाहनों को जब्त कर माफियाओं में हड़कंप मचा दिया।
खनिज निरीक्षक सोनू श्रीवास और ऋषभ दीक्षित ने संयुक्त टीम के साथ अपने-अपने प्रभार क्षेत्रों में दबिश दी। कार्रवाई के दौरान कोलारस क्षेत्र में एक ट्रैक्टर-ट्रॉली अवैध रेत परिवहन करते पकड़ी गई, जिसे जब्त कर थाना कोलारस की सुरक्षा में खड़ा कराया गया। वहीं बदरवास क्षेत्र में भी रेत से भरा एक ट्रैक्टर पकड़ा गया, जिसे थाना बदरवास में सुरक्षित रखा गया है। इसी अभियान के दौरान बदरवास तहसील के लुकवासा क्षेत्र में 10 चक्का डंपर अवैध गिट्टी परिवहन करते मिला। टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए डंपर जब्त कर लुकवासा चौकी में खड़ा कराया। विभाग द्वारा तीनों मामलों में प्रकरण तैयार कर अर्थदंड की कार्रवाई हेतु कलेक्टर न्यायालय भेजे जा रहे हैं। विशेष बात यह है कि खनिज निरीक्षक सोनू श्रीवास और ऋषभ दीक्षित की टीम लगातार फील्ड में सक्रिय रहकर अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण पर नजर बनाए हुए है। विभाग की इस सख्ती से खनिज माफियाओं में भारी बेचैनी फैल गई है।

No comments:
Post a Comment