सांची मिल्क पार्लर सहित हटाए गए आसपास के अतिक्रमणशिवपुरी-शहर को स्वच्छ, सुंदर, व्यवस्थित एवं अतिक्रमण मुक्त बनाने के उद्देश्य से नगर पालिका परिषद शिवपुरी द्वारा लगातार स्वच्छता एवं अतिक्रमण हटाओ अभियान संचालित किया जा रहा है। कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा ने नगरपालिका सीएमओ को शहर में साफ सफाई रखने और अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। इन्हीं निर्देशानुसार लगातार नगरपालिका द्वारा कार्यवाही की जा रही है। रविवार को नगर पालिका टीम द्वारा कलेक्टर कार्यालय के समीप कार्रवाई की गई। यह कार्रवाई शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने, सार्वजनिक मार्गों को बाधा मुक्त रखने तथा स्वच्छता व्यवस्था मजबूत करने के उद्देश्य से की गई।
अभियान के दौरान कलेक्टर कार्यालय के पास संचालित सांची मिल्क पार्लर को हटाने की कार्रवाई की गई। इसके साथ ही आसपास सड़क किनारे एवं सार्वजनिक स्थानों पर किए गए अस्थायी अतिक्रमण को भी हटाया गया। नगर पालिका अमले ने मौके पर मौजूद लोगों को समझाइश देते हुए भविष्य में दोबारा अतिक्रमण नहीं करने के निर्देश दिए तथा सार्वजनिक स्थलों का उपयोग व्यवस्थित रूप से करने को कहा गया है।
नगर पालिका सीएमओ ने बताया कि कई बार समझाइश और पूर्व में चलाए गए अभियानों के बावजूद कुछ स्थानों पर पुन: अतिक्रमण की स्थिति बन रही थी, जिससे आम नागरिकों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। विशेष रूप से सरकारी कार्यालयों एवं मुख्य मार्गों के आसपास बढ़ते अतिक्रमण से यातायात प्रभावित होने के साथ-साथ शहर की सुंदरता और स्वच्छता व्यवस्था पर भी नकारात्मक असर पड़ रहा था। यह पूरी कार्रवाई कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी अर्पित वर्मा के निर्देशन तथा नगर पालिका सीएमओ इशांक धाक? के नेतृत्व में संपन्न की गई।
नगर पालिका प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शहर के प्रमुख स्थानों, बाजार क्षेत्रों, सरकारी परिसरों एवं सार्वजनिक मार्गों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और जहां भी अतिक्रमण अथवा अव्यवस्था दिखाई देगी वहां तत्काल कार्रवाई की जाएगी। स्वच्छता अभियान केवल सफाई तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें अतिक्रमण हटाना, यातायात व्यवस्था को सुचारु करना, सार्वजनिक स्थानों को सुरक्षित रखना तथा नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाना भी शामिल है।
इसी उद्देश्य से आने वाले दिनों में शहर के अन्य क्षेत्रों में भी विशेष अभियान चलाया जाएगा। प्रशासन ने व्यापारियों, ठेला संचालकों एवं आम नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि वे सड़क, फुटपाथ एवं सरकारी परिसरों के आसपास किसी प्रकार का अतिक्रमण न करें तथा स्वच्छता नियमों का पालन करें। साथ ही प्रतिबंधित प्लास्टिक पॉलिथीन का उपयोग न करने और कचरा निर्धारित स्थान पर ही डालें।

No comments:
Post a Comment