शिवपुरी। सायबर सेल शिवपुरी ने आमजन के खोए और गुम हुए मोबाइल फोन बरामद करने में बड़ी सफलता हासिल करते हुए 120 मोबाइल फोन उनके वास्तविक मालिकों को वापस सौंप दिए। बरामद मोबाइलों की कुल कीमत लगभग 30 लाख रुपये बताई गई है।पुलिस कंट्रोल रूम शिवपुरी में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक श्रीमती यांगचेन डोलकर भूटिया, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव मुले एवं सायबर सेल प्रभारी धर्मेंद्र सिंह जाट ने मोबाइल धारकों को उनके फोन सुपुर्द किए। अपने खोए मोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी। सायबर सेल को प्राप्त आवेदनों के आधार पर लगातार तकनीकी प्रयास किए गए। जांच के दौरान उत्तर प्रदेश, राजस्थान, बिहार, महाराष्ट्र, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली सहित विभिन्न राज्यों और जिलों से मोबाइल ट्रेस कर बरामद किए गए।
इनमें करीब एक लाख रुपये कीमत का एक आईफोन भी शामिल है, जो गुम होने के महज एक दिन बाद एक सज्जन नागरिक की मदद से वापस मिल गया। शिवपुरी पुलिस की इस कार्रवाई ने यह साबित किया है कि गुम या चोरी हुए मोबाइल मिलने की उम्मीद अब और मजबूत हुई है। उल्लेखनीय है कि वर्ष 2025 में भी सायबर सेल ने लगभग 700 मोबाइल फोन बरामद कर उनके मालिकों को लौटाए थे। इस उल्लेखनीय सफलता में सायबर सेल प्रभारी उपनिरीक्षक धर्मेंद्र सिंह जाट, प्रधान आरक्षक विकास सिंह चौहान, आरक्षक आलोक व्यास, दामोदर परिहार, जलज रावत एवं भूपेंद्र यादव की महत्वपूर्ण और सराहनीय भूमिका रही।

No comments:
Post a Comment