---------------------------------News Website By 𝐑𝐚𝐣𝐮 𝐘𝐚𝐝𝐚𝐯--------------------------------

𝙎𝙝𝙞𝙫𝙥𝙪𝙧𝙞 𝙆𝙝𝙖𝙗𝙖𝙧

Tuesday, July 21, 2026

जनसुनवाई में कलेक्टर अर्पित वर्मा ने सुनीं समस्याएं, समय-सीमा में त्वरित कार्रवाई के दिए निर्देश


शिवपुरी-
कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा की अध्यक्षता में जिला मुख्यालय पर साप्ताहिक जनसुनवाई का आयोजन किया गया, जिसमें उन्होंने जिलेभर से आए सैकड़ों आवेदकों की समस्याओं को पूरी गंभीरता, और संवेदनशीलता के साथ सुना। जनसुनवाई के दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित प्राप्त आवेदनों को उन्होंने मौके पर ही उपस्थित संबंधित विभागीय अधिकारियों को सौंपते हुए निर्देशित किया कि हर एक आवेदन का परीक्षण कर निर्धारित समय-सीमा के भीतर पारदर्शी, न्यायसंगत और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। जनसुनवाई के दौरान कलेक्टर अर्पित वर्मा ने देवेंद्र जौहर को तहसील कार्यालय कोलारस में भृत्य के पद पर और भानुप्रताप आदिवासी को शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान शिवपुरी में चौकीदार के पद पर अनुकंपा नियुक्ति आदेश प्रदान किए। नियुक्ति आदेश प्राप्त होने से दोनों परिवारों को बड़ा संबल मिला है। आज नियुक्ति पत्र पाकर दोनों युवाओं के चेहरे खिल उठे और उन्होंने कलेक्टर श्री वर्मा का हृदय से आभार व्यक्त किया। कलेक्टर श्री वर्मा ने उपस्थित अधिकारियों को हिदायत दी कि आम नागरिकों की समस्याओं का निराकरण प्राथमिकता के आधार पर किया जाए, ताकि आवेदकों को अपने कार्यों के लिए बार-बार चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने सभी विभाग प्रमुखों को जनसुनवाई में आने वाले हर आवेदन की नियमित समीक्षा करने और समयबद्ध निराकरण की रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए।

No comments: