---------------------------------News Website By 𝐑𝐚𝐣𝐮 𝐘𝐚𝐝𝐚𝐯--------------------------------

𝙎𝙝𝙞𝙫𝙥𝙪𝙧𝙞 𝙆𝙝𝙖𝙗𝙖𝙧

Tuesday, July 14, 2026

दस्तक अभियान सह स्टॉप डायरिया कैम्पेन का शुभारम्भ


31 अगस्त तक चलेगा विशेष अभियान, पाँच वर्ष से कम आयु के बच्चों के स्वास्थ्य संरक्षण पर रहेगा विशेष फोकस

शिवपुरी-जिले में दस्तक अभियान (प्रथम चरण) सह स्टॉप डायरिया कैम्पेन-2026 का शुभारम्भ मंगलवार को वार्ड क्रमांक-24 स्थित आंगनवाड़ी केन्द्र, महल सराय, शिवपुरी में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती नेहा यादव द्वारा किया गया। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय ऋषीश्वर, जिला कार्यक्रम अधिकारी (महिला एवं बाल विकास) डी. एस. जौदोन, जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. रोहित भदकारिया सहित स्वास्थ्य विभाग एवं महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

जिले के अन्य विकासखण्डों में भी अभियान का शुभारम्भ जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में किया गया। विकासखण्ड पिछोर में अभियान का शुभारम्भ विधायक प्रीतम लोधी द्वारा किया गया, विकासखण्ड नरवर के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में विधायक प्रतिनिधि उदयवीर सिंह बैश्य ने अभियान का शुभारम्भ किया। कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा के निर्देशन एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय ऋषीश्वर के नेतृत्व में संचालित यह अभियान 14 जुलाई से 31 अगस्त 2026 तक चलेगा। अभियान का उद्देश्य पाँच वर्ष से कम आयु के बच्चों में दस्त. कुपोषण एवं अन्य बाल्यकालीन बीमारियों की समय पर पहचान कर उनका समुचित उपचार सुनिश्चित करना तथा शिशु एवं बाल मृत्यु दर में कमी लाना है। 

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय ऋषीश्वर ने बताया कि अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए जिले में अभियान 33 कार्य दिवसों में विशेष गतिविधियाँ संचालित की जाएंगी। एएनएम, आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ता संयुक्त रूप से घर-घर भ्रमण कर पाँच वर्ष से कम आयु के बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण करेंगे तथा दस्त. कुपोषण एवं अन्य बाल्यकालीन बीमारियों से प्रभावित बच्चों की पहचान कर आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएँ उपलब्ध कराएंगे। गंभीर एवं उच्च जोखिम वाले बच्चों को निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार तत्काल उच्च स्वास्थ्य संस्थानों में रेफर किया जाएगा तथा अभियान की सतत निगरानी आयुष्मान आरोग्य मंदिर एवं हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर (एचडब्ल्यूसी) पर पदस्थ सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों (सीएचओ) द्वारा की जाएगी। 

जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. रोहित भदकारिया ने जिले के नागरिकों से अपील की है कि पाँच वर्ष से कम आयु के बच्चों में दस्त होने पर तत्काल निकटतम स्वास्थ्य संस्था अथवा आशा कार्यकर्ता से संपर्क कर ओआरएस एवं जिंक का पूरा उपचार अवश्य प्राप्तं करें। उन्होंने नागरिकों से अभियान के दौरान स्वास्थ्य एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को घर-घर सर्वेक्षण एवं स्वास्थ्य सेवाओं के संचालन में सक्रिय सहयोग प्रदान करने का आग्रह किया।

No comments: