---------------------------------News Website By 𝐑𝐚𝐣𝐮 𝐘𝐚𝐝𝐚𝐯--------------------------------

𝙎𝙝𝙞𝙫𝙥𝙪𝙧𝙞 𝙆𝙝𝙖𝙗𝙖𝙧

Tuesday, July 7, 2026

एसबीआई ने लगाया मेडिकल सेमिनार एवं हेल्थ चेक-अप कैंप, कर्मियों के परिवारों ने उठाया लाभ



- स्वस्थ कर्मचारी-स्वस्थ परिवार, सशक्त बैंक की थीम पर हुआ आयोजन  

शिवपुरी। भारतीय स्टेट बैंक अधिकारी संघ एवं एसबीआई अवार्ड स्टाफ एंप्लाइज यूनियन, क्षेत्र शिवपुरी के संयुक्त तत्वावधान में एसबीआई गुरुद्वारा चौक शाखा परिसर में अधिकारियों, कर्मचारियों एवं उनके परिवारों के लिए मेडिकल सेमिनार एवं नि:शुल्क हेल्थ चेक-अप कैंप का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व एवं समन्वय एसबीआई ऑफिसर्स एसोसिएशन के क्षेत्रीय सचिव हेमंत उपाध्याय तथा एसबीआई अवार्ड स्टाफ एंप्लाइज यूनियन के क्षेत्रीय सचिव संजय वर्मा ने किया। उन्होंने कहा कि बैंक कर्मियों के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए यह स्वास्थ्य जागरूकता पहल की गई है। इस अवसर पर क्षेत्रीय प्रबंधक एसबीआई शिवपुरी ज्योति रंजन, मुख्य प्रबंधक क्रेडिट प्रमोद पाल एवं एसबीआई गुरुद्वारा चौक शाखा के मुख्य प्रबंधक अविनाश यादव विशेष रूप से उपस्थित रहे। कैंप में बड़ी संख्या में अधिकारी-कर्मचारी अपने परिवार एवं बच्चों के साथ पहुंचे। विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने सभी का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक परामर्श और दवाओं की जानकारी दी।

बच्चों के स्वास्थ्य पर विशेष फोकस
बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. पूनम शर्मा ने बच्चों के पोषण, नियमित टीकाकरण, स्क्रीन टाइम कम करने और साफ-सफाई पर जोर दिया। उन्होंने चोकिंग की स्थिति में सीपीआर देने का तरीका, डॉग बाइट में तुरंत बरती जाने वाली सावधानियां और आपातकाल में प्राथमिक उपचार के बारे में अभिभावकों को विस्तार से बताया।

मानसिक स्वास्थ्य पर काउंसलिंग  
मनोचिकित्सक डॉ. देवेश व्यास ने कार्य और पारिवारिक जीवन में संतुलन, तनाव प्रबंधन और मानसिक स्वास्थ्य के महत्व पर चर्चा की। उन्होंने मोबाइल के अत्यधिक उपयोग, अनिद्रा, डिप्रेशन के शुरुआती लक्षणों तथा शराब-धूम्रपान जैसी आदतों से बचाव के उपाय बताए। उन्होंने स्वस्थ दिनचर्या और सकारात्मक सोच अपनाने की सलाह भी दी। कार्यक्रम में उपस्थित कर्मचारियों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के शिविर बैंक कर्मियों के लिए बेहद उपयोगी हैं। बैंक प्रबंधन ने भी इस सामाजिक पहल की सराहना की।

No comments: