05 स्कूली बसों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई कर वसूली 13,000 की चालानी राशि
शिवपुरी-प्रदेश में संचालित 10 दिवसीय विशेष स्कूल बस चेकिंग अभियान के अंतर्गत मंगलवार को थाना यातायात शिवपुरी एवं आरटीओ शिवपुरी द्वारा संयुक्त कार्रवाई करते हुए हैप्पीडेज स्कूल एवं सेंट बेनेडिक्ट स्कूल की कुल 12 स्कूल बसों/वाहनों का निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान विभिन्न कमियां पाए जाने पर 05 स्कूली बसों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई करते हुए 13,000 की चालानी राशि वसूल की गई।
प्रदेश में नवीन शैक्षणिक सत्र प्रारंभ होने के साथ बड़ी संख्या में स्कूली बसों एवं अन्य वाहनों द्वारा विद्यार्थियों का सुरक्षित परिवहन किया जा रहा है। बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए तथा बस चालकों की लापरवाही, तेज गति एवं यातायात नियमों के उल्लंघन से होने वाली दुर्घटनाओं की रोकथाम के उद्देश्य से पुलिस मुख्यालय, भोपाल के निर्देशानुसार प्रदेशभर में दस दिवसीय विशेष स्कूल बस चेकिंग अभियान संचालित किया जा रहा है।
पुलिस अधीक्षक श्रीमती यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव मुले के मार्गदर्शन में थाना यातायात शिवपुरी एवं आरटीओ शिवपुरी द्वारा स्कूल बसों का नियमित निरीक्षण किया जा रहा है। जांच के दौरान माननीय सर्वोच्च न्यायालय के दिशा-निर्देशों एवं केंद्रीय मोटर वाहन नियमों का पालन सुनिश्चित कराया जा रहा है तथा कमियां पाए जाने पर नियमानुसार चालानी कार्रवाई की जा रही है। इस कार्यवाही में थाना प्रभारी यातायात रक्षित निरीक्षक रणवीर यादव एवं उनकी टीम ने आरटीओ शिवपुरी श्रीमती रंजना सिंह कुशवाहा के साथ संयुक्त रूप से हैप्पीडेज स्कूल एवं सेंट बेनेडिक्ट स्कूल की बसों का निरीक्षण किया।
जांच के दौरान कुल 12 स्कूल बसों की चेकिंग की गई, जिनमें से 06 बसों में विभिन्न कमियां जैसे रजिस्ट्रेशन संबंधी प्रविष्टियों का उल्लंघन, यातायात संकेतों का उल्लंघन, बिना नेम प्लेट, खराब टायर, स्टेपनी खराब होना, क्लीनर का बिना बैज होना आदि पाए जाने पर चालानी कार्रवाई करते हुए 13,000 का समन शुल्क वसूल किया गया एक बस को जप्त कर अग्रिम कार्यवाही हेतु आरटीओ कार्यालय भेजा जा रहा है। साथ ही बस संचालक द्वारा सभी बसों के सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग प्रस्तुत नहीं किए जाने पर आवश्यक निर्देश भी दिए।

No comments:
Post a Comment