---------------------------------News Website By 𝐑𝐚𝐣𝐮 𝐘𝐚𝐝𝐚𝐯--------------------------------

𝙎𝙝𝙞𝙫𝙥𝙪𝙧𝙞 𝙆𝙝𝙖𝙗𝙖𝙧

Wednesday, July 29, 2026

गुरूपूर्णिमा महोत्सव : आरोग्यधाम, तुलसी आश्रम, मॉं दुर्गा शक्ति पीठ आश्रम पर जुड़े श्रद्धालु

गुरू के प्रति श्रद्धा का भाव जगाते हुए मना गुरूपूर्णिमा महोत्सव



शिवपुरी-
गुरू और शिष्य की महिमा के रूप में मनाए जाने वाले गुरूपूर्णिमा महोत्सव नगर में बड़े उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया। एक ओर जहां बारिश ने समां बांध दिया तो वहीं दूसरी ओर गुरू के प्रति श्रद्धा का भाव जगाते हुए गुरूपूर्णिमा का महोत्सव अनेकों मंदिर, आश्रम एवं अन्य स्थानों पर श्रद्धाभाव के साथ मनाया गया। शहर के प्रमुख छत्री रोड़ बीएसएनएल केन्द्र के समीप संचालित आरोग्य धाम, प्राकृतिक चिकित्सा एवं ध्यान केन्द्र पर योगाचार्य डॉ.सुधीर शर्मा के सानिध्य में गुरूपूर्णिमा महोत्सव मनाया गया। यहां आने वाले गुरू भक्तों ने सर्वप्रथम योगाचार्य डॉ.शर्मा का तिलक लगाकर माल्यार्पण करते हुए मिष्ठान एवं उपहार आदि भेंट कर चरण छूते हुए आर्शीवाद प्राप्त किया गया। इस अवसर पर योगाचार्य डॉ.सुधीर शर्मा के द्वारा सभी श्रद्धालुओं के लिए भण्डारा प्रसादी की व्यवस्था आरोग्यधाम प्राकृतिक योग एवं चिकित्सा केन्द्र पर आयोजित किया गया जिसमें बड़े ही श्रद्धाभाव के साथ प्रसाद ग्रहण किया गया। यहां आर्शीवाद लेने पहुंचे समाजसेवी अमन गोयल, राजेन्द्र गुप्ता सेठ, सिंकी सांखला, राजेश गोयल रजत, राजेश गोयल गांधी चौक, दिनेश गर्ग गुड्डे आदि सपरिवार पहुंचे और आर्शीवाद लेते हुए भण्डारा ग्रहण किया।

तुलसी आश्रम पर गुरूभक्तों ने महामण्डलेश्वर का पूजन कर लिया आर्शीवाद


शहर के एबी रोड़ स्थित तुलसी आश्रम श्रीबड़े हनुमान मंदिर पर भी गुरूपूर्णिमा के अवसर पर गुरूभक्तों का सैलाब उमड़ा। मंदिर परिसर में महामण्डलेश्वर श्रीपुरूषोत्तदास जी महाराज के पावन सानिध्य में प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी संगीतमय श्रीमद् भागवत कथा का आयोजन किया गया और कथा विश्राम के साथ तुलसी आश्रम मंदिर पर विशाल भण्डारा एवं गुरूपूर्णिमा महोत्सव का आयोजन किया गया। यहां दूर-दराज से आए गुरूभक्तों के द्वारा महामण्डलेश्वर श्रीपुरूषोत्तमदास जी महाराज का शॉल-श्रीफल, उपहार, फल एवं अन्य ना-ना प्रकार से गुरूभक्तों के द्वारा श्रद्धाभाव के साथ गुरूपूर्णिमा मनाते हुए पूज्य गुरूदेव का पूजन किया गया और कई श्रद्धालुओं ने मौके पर ही गुरूदीक्षा भी ग्रहण की। इस अवसर पर मंदिर प्रांगण में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए प्रात: 11 बजे से ही विशाल भण्डारा प्रसादी प्रारंभ कर दी गई और सभी ने यहां पहुंचकर गुरूदेव से आर्शीवाद लेते हुए प्रसाद ग्रहण किया।

मॉं दुर्गा शक्तिपीठ आश्रम पर मना गुरूपूर्णिमा महोत्सव



शहर के झांसी रोड़ स्थित नोन कोल्हू पुलिया के समीप स्थित मॉं दुर्गाशक्तिपीठ आश्रम पर भी बड़े उत्साह और उल्लास के साथ आश्रम परिसर में गुरूपूर्णिमा पर्व मनाया गया। यह पहला ऐसा आश्रम है जहां एक साथ सारे कष्ट और ऋणों को दूर करने वाले श्रीऋण मुक्तेश्वर हनुमान जी महाराज विराजमान है जिनके दर्शन कर प्रार्थना करने पर सभी तरह के ऋणों से मुक्ति पाई जा सकती है, इसके साथ ही यही वह आश्रम है जहां साक्षात सभी मनोकामनाऐं पूर्ण करने वाली मॉं दुर्गा स्थापित है जिससे यह स्थान मॉं दुर्गा शक्तिपीठ कहलाता है, यहां मॉं के दर्शन के साथ सभी श्रद्धालुओं की मनोकामनाऐं पूर्ण होती है, इसके साथ ही भैंरो बाबा भी साक्षात प्रतिमा स्वरूप में स्थापित है जिनके दर्शन कर सभी श्रद्धालु अपने दु:ख, संताप और अनेकों बाधाओं से मुक्ति पाकर सुखमय जीवन का मार्ग प्रशस्त करते है। इस आश्रम में संत रायसिंह महाराज के पावन सानिध्य में आश्रम से जुड़े श्रद्धालुओं के लिए गुरूपूर्णिमा के अवसर पर विशाल भण्डारा प्रसादी का आयोजन किया गया और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने मॉं दुर्गा शक्तिपीठ आश्रम पहुंचकर संत राय सिंह महाराज का गुरूपूजन करते हुए गुरूपूर्णिमा महोत्सव मनाया।

No comments: