राजस्व अधिकारियों ने विद्यालयों, आंगनबाडिय़ों और राशन दुकानों का किया सघन औचक निरीक्षणशिवपुरी-कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा के निर्देशानुसार जिले में शासकीय सेवाओं के सुचारू संचालन, शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार, मध्याह्न भोजन एवं खाद्यान्न की पारदर्शी वितरण व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से समस्त राजस्व अधिकारियों द्वारा शासकीय विद्यालयों, आंगनवाड़ी केंद्रों एवं शासकीय उचित मूल्य दुकानों का सघन औचक निरीक्षण किया गया।
कोलारस अनुभाग में एसडीएम अनूप श्रीवास्तव ने ग्राम कूढ़ा स्थित शासकीय प्राथमिक विद्यालय एवं आंगनवाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान आंगनवाड़ी केंद्र में कार्यकर्ता श्रीमती हर्षा शर्मा अनुपस्थित पाई गईं तथा केंद्र में एक भी बच्चा उपस्थित नहीं मिला, जिस पर संबंधित कार्यकर्ता के विरुद्ध नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। निरीक्षण के दौरान करैरा तहसीलदार ललित शर्मा ने शासकीय एकीकृत स्कूल ग्राम टीला का जायजा लिया। इस दौरान विद्यालय परिसर के बाहर ग्राम का बालक कान्हा केवट मिला, जिसने इसी वर्ष कक्षा 8वीं उत्तीर्ण की थी, लेकिन आर्थिक तंगी व पारिवारिक परिस्थितियों के कारण आगे पडऩे में असमर्थ था। तहसीलदार श्री शर्मा ने बालक कान्हा का पुन: शाला में विधिवत प्रवेश करवाया और उसे आगे की पढ़ाई जारी रखने के लिए प्रेरित किया।
इसी क्रम में शिवपुरी में तहसीलदार सिद्धार्थ शर्मा, शिप्रा उपाध्याय एवं कल्पना शर्मा ने व्ही. टी. पी. उच्चतर माध्यमिक विद्यालय शिवपुरी, वार्ड क्रमांक 02 विवेकानंद कॉलोनी स्थित आंगनवाड़ी केंद्र, तथा शासकीय माध्यमिक विद्यालय व आंगनवाड़ी केंद्र सतनवाड़ा कलां का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को परखा। समस्त राजस्व अधिकारियों में आज अभियान के तौर पर अपने-अपने क्षेत्र में स्थित शासकीय संस्थाओं का निरीक्षण किया। करैरा एसडीएम अनुपम शर्मा और पिछोर एसडीएम श्रीमती ममता शाक्य भी निरीक्षण के लिए पहुंची।

No comments:
Post a Comment