---------------------------------News Website By 𝐑𝐚𝐣𝐮 𝐘𝐚𝐝𝐚𝐯--------------------------------

𝙎𝙝𝙞𝙫𝙥𝙪𝙧𝙞 𝙆𝙝𝙖𝙗𝙖𝙧

Monday, August 10, 2026

स्कूलों में बेहतर शिक्षा व्यवस्था को लेकर कलेक्टर श्री वर्मा का सख्त रवैया, अधिकारियों ने औचक निरीक्षण


अधिकारियों ने जिलेभर के शासकीय स्कूलों का किया औचक निरीक्षण

शिवपुरी- कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा ने जिले के शासकीय स्कूलों में शिक्षा व्यवस्था पर निगरानी और सुधार के लिए काम शुरू कर दिया है। उन्होंने स्कूलों में व्यवस्थाओं में सुधार करने के लिए सख्त रवैया अपनाया है। सोमवार को आयोजित बैठक के दौरान ही उन्होंने समस्त अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए। सभी अधिकारी आज शासकीय स्कूलों का भ्रमण करेंगे और स्कूलों में शिक्षकों की उपस्थिति, मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता चैक करेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया है कि विद्यालयों में शिक्षकों की नियमित उपस्थिति, कक्षाओं में पठन-पाठन का स्तर, भवन की भौतिक स्थिति, चालू हालत में स्वच्छ शौचालय, परिसर की स्वच्छता तथा विद्यार्थियों को दी जा रही मध्याह्न भोजन व्यवस्था में गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा है कि लापरवाही करने वाले शिक्षकों के विरुद्ध कार्यवाही की जाएगी। यदि शिक्षक बिना किसी कारण और बिना अनुमति के स्कूलों से अनुपस्थित पाए जाते हैं,तो उनके विरुद्ध कार्यवाही होगी।

अधिकारियों ने किया स्कूलों का निरीक्षण
निर्देशानुसार संयुक्त कलेक्टर अनुराग निंगवाल सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारियों ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों में स्थित शासकीय प्राथमिक, माध्यमिक एवं उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों का सघन औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने विद्यालयों में पहुंचकर उपस्थिति पंजी का अवलोकन किया।  अधिकारियों ने कक्षाओं में जाकर पठन-पाठन की स्थिति का जायजा लिया और विद्यार्थियों से संवाद कर उनके शैक्षणिक स्तर का आकलन किया। परिसर की स्वच्छता तथा मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता देखी गई।

लापरवाही पर होगी कार्यवाही
कलेक्टर श्री अर्पित वर्मा की इस पहल का मुख्य उद्देश्य शासकीय शैक्षणिक संस्थानों में अनुशासन, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा तथा विद्यार्थियों हेतु निर्धारित शासकीय योजनाओं का सुचारू क्रियान्वयन सुनिश्चित करना है। कलेक्टर श्री वर्मा ने स्पष्ट संदेश दिया है कि विद्यालयों के समयबद्ध संचालन, मूलभूत सुविधाओं के रखरखाव और शिक्षण कार्य में किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार्य नहीं होगी तथा लापरवाह कर्मियों के विरुद्ध कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

No comments: