समिट में देशभर से आए हजारों प्रतिभागियों के बीच अपनी दिखाई प्रतिभा, किया श्रेष्ठ प्रदर्शनशिवपुरी। जिले के लिए गर्व और सम्मान का विषय है कि शहर के प्रतिभाशाली छात्र ध्रुव सांखला एवं अभिनंदन सांखला ने पुणे (महाराष्ट्र) में आयोजित हार्वर्ड सस्टेनेबिलिटी इम्पैक्ट समिट में देशभर से आए हजारों प्रतिभागियों के बीच अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए उल्लेखनीय सफलता हासिल की।
प्रतियोगिता की लैंगिक समानता समिति में ध्रुव सांखला, जो सोनाली एवं सौरभ सांखला के सुपुत्र हैं, ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। उनके उत्कृष्ट नेतृत्व, प्रभावशाली संवाद कौशल, टीम भावना तथा संयुक्त राष्ट्र के सतत विकास लक्ष्यों की गहरी समझ के आधार पर उनकी टीम को विजेता घोषित किया गया। इस उपलब्धि के साथ उनकी टीम को अमेरिका के बोस्टन स्थित हार्वर्ड विश्वविद्यालय में आयोजित शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए छात्रवृत्ति भी प्रदान की गई। साथ ही उन्हें हार्वर्ड एशिया सम्मेलन से जुडऩे का प्रतिष्ठित अवसर भी प्राप्त होगा। बता दे कि अभिनंदन सांखला, जो अल्पा एवं नीलेश सांखला के सुपुत्र हैं, ने अपने उत्कृष्ट शोध, प्रभावशाली वक्तृत्व कला, दूरदर्शी सोच तथा लैंगिक समानता विषय पर गहन जानकारी का परिचय देते हुए द्वितीय स्थान प्राप्त किया। उनके प्रदर्शन ने निर्णायकों को विशेष रूप से प्रभावित किया।
एक ही समिति में ध्रुव सांखला का प्रथम एवं अभिनंदन सांखला का द्वितीय स्थान प्राप्त करना शिवपुरी के लिए अत्यंत गौरवपूर्ण उपलब्धि है। दोनों युवाओं ने यह सिद्ध कर दिया कि शिवपुरी की प्रतिभाएं केवल राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी विशिष्ट पहचान बनाने में सक्षम हैं। इस उल्लेखनीय सफलता पर शहर के शिक्षाविदों, सामाजिक संगठनों एवं नागरिकों ने दोनों प्रतिभाशाली विद्यार्थियों तथा उनके अभिभावकों को हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं। यह उपलब्धि जिले के अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी।


No comments:
Post a Comment