थाने में रिपोर्ट दर्ज नहीं करने का भी आरोप, कहा- आरोपी की पहुंच होने के कारण पुलिस ने कार्रवाई नहीं कीशिवपुरी। जिले के खनियाधाना अनुभाग के बामौरकलां निवासी एक महिला ने शासकीय स्कूल के शिक्षक पर छेड़छाड़, मारपीट, जातिसूचक गालियां देने और जानबूझकर प्रताड़ित करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला ने इस संबंध में पुलिस अधीक्षक शिवपुरी को आवेदन देकर आरोपी के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई तथा अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कराने की मांग की है।
आवेदन के अनुसार, प्रार्थिया लक्ष्मी जाटव पत्नी शोभाराम जाटव निवासी बामौरकलां का घर शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल के पास स्थित है। महिला का आरोप है कि स्कूल में पदस्थ शिक्षक मुकेश कुमार शर्मा पिछले करीब दो माह से उसे अश्लील इशारे कर परेशान कर रहा था। महिला का कहना है कि 5 अगस्त 2026 की सुबह करीब 10 बजे जब आरोपी शिक्षक स्कूल जा रहा था, तब उसने फिर अश्लील इशारे किए। विरोध करने पर आरोपी ने कथित रूप से बाइक रोककर महिला को बुरी नियत से पकड़ लिया, थप्पड़ मारे, झूमाझपटी की और जमीन पर पटक दिया, जिससे उसके हाथ और जांघ में चोटें आईं। आवेदन में यह भी आरोप लगाया गया है कि घटना के बाद आरोपी स्कूल परिसर में चला गया और वहां से महिला को कथित रूप से जातिसूचक एवं अभद्र गालियां देते हुए कहा कि उसकी ऊंचे स्तर तक पहुंच है और उसका कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता।
महिला ने आरोप लगाया कि घटना के दौरान डायल-100 पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन कार्रवाई करने के बजाय उसे ही डराया-धमकाया गया। इसके बाद जब वह बामौरकलां थाने में रिपोर्ट दर्ज कराने पहुंची तो पुलिस ने उसकी शिकायत दर्ज नहीं की और उसे टालकर वापस भेज दिया। पीड़िता ने अपने आवेदन में आशंका जताई है कि आरोपी के प्रभाव के कारण पुलिस कार्रवाई नहीं कर रही है। उसने पुलिस अधीक्षक से मामले की निष्पक्ष जांच कराते हुए आरोपी शिक्षक के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं तथा एससी/एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।

No comments:
Post a Comment