---------------------------------News Website By 𝐑𝐚𝐣𝐮 𝐘𝐚𝐝𝐚𝐯--------------------------------

𝙎𝙝𝙞𝙫𝙥𝙪𝙧𝙞 𝙆𝙝𝙖𝙗𝙖𝙧

Tuesday, September 22, 2026

अतिक्रमण पर बड़ा एक्शन: प्रमुख बाजारों और चौराहों से हटेंगे हाथ ठेले, चार पहिया वाहनों पर भी लगेगी रोक


यातायात, पुलिस और नगर पालिका ने चिन्हित किए अतिक्रमण

शिवपुरी। शहर की बिगड़ती यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित करने और प्रमुख मार्गों को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए प्रशासन ने अब सख्त कदम उठाने की तैयारी शुरू कर दी है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर मंगलवार को यातायात पुलिस एवं नगर पालिका की संयुक्त टीम ने कोर्ट रोड, गांधी चौक, माधव चौक, पुराना बस स्टैंड और गुरुद्वारा चौक सहित अन्य क्षेत्रों का निरीक्षण कर अस्थाई अतिक्रमण को चिन्हित किया। कार्यवाही की रूपरेखा के तहत कोर्ट रोड पर सड़क किनारे खड़े होने वाले हाथ ठेलों को ठंडी सड़क पर शिफ्ट किया जाएगा। वहीं कोर्ट रोड से टेकरी की ओर जाने वाले मार्ग पर किए गए अतिक्रमण को हटाया जाएगा। गांधी चौक पर मौजूद पटवाओं को भी कोर्ट रोड स्थित सब्जी मंडी के पास स्थानांतरित किया जाएगा।

कोर्ट रोड की यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए यहां चार पहिया वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाने की तैयारी है। चार पहिया वाहनों के लिए पुराना बस स्टैंड स्थित राज पैलेस होटल के सामने पार्किंग की व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही माधव चौक पर जूस एवं मिठाई की दुकानों के आगे निर्धारित सीमा तय कर मार्किंग एवं बैरिकेडिंग की जाएगी। तय सीमा से बाहर वाहन खड़े करने वालों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा अस्पताल चौराहे से माधव चौक होते हुए पुराना बस स्टैंड तक तथा गुरुद्वारा चौक से मीट मार्केट तक सड़क पर किए गए अस्थाई अतिक्रमण को भी हटाया जाएगा। संयुक्त टीम की इस कवायद से शहर के प्रमुख मार्गों पर यातायात व्यवस्था में सुधार होने तथा राहगीरों को आवागमन में सुविधा मिलने की उम्मीद है।

No comments: