---------------------------------News Website By 𝐑𝐚𝐣𝐮 𝐘𝐚𝐝𝐚𝐯--------------------------------

𝙎𝙝𝙞𝙫𝙥𝙪𝙧𝙞 𝙆𝙝𝙖𝙗𝙖𝙧

Thursday, October 8, 2026

महाराजा अग्रसेन जयंती महोत्सव में जूनियर-सीनियर वर्ग की प्रस्तुतियों ने मोहा मन



सदाबहार गाने पर डांस में पूनम, करवाचौथ थाली सजाओ में दीप्ति गुप्ता व ताल से ताल मिलाओ में गरिमा गुप्ता रही प्रथम

शिवपुरी। मध्यदेशीय अग्रवाल समाज शिवपुरी के तत्वावधान में स्थानीय मध्यदेशीय अग्रवाल धर्मशाला परिसर में महाराजा अग्रसेन जयंती महोत्सव उत्साह और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। महोत्सव के तहत प्रतिदिन विभिन्न सांस्कृतिक एवं रचनात्मक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में बीती रात्रि अग्रवाल फ्रेंड्स क्लब द्वारा 'आजा नचलेÓ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें जूनियर एवं सीनियर वर्ग के प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के जूनियर वर्ग में 5 से 8 वर्ष तथा सीनियर वर्ग में 9 से 14 वर्ष के बालक-बालिकाओं ने भाग लिया। प्रतिभागियों ने फिल्मी, देशभक्ति एवं धार्मिक गीतों पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुतियां दीं। नन्हे-मुन्ने बच्चों की आकर्षक प्रस्तुतियों ने उपस्थित समाजजनों का मन मोह लिया और पूरा पंडाल तालियों की गडग़ड़ाहट से गूंज उठा। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में मध्यदेशीय अग्रवाल समाज अध्यक्ष सुमत कुमार गुप्ता (ख्यावदा वाले), महामंत्री कुलदीप जैन, वरिष्ठ उपाध्यक्ष रिंकेश अग्रवाल ठेईया, रेनु भरत अग्रवाल, उपाध्यक्ष मनीष अग्रवाल, अंजू गोयल, संगम अग्रवाल, सहमंत्री वैभव अग्रवाल, पूजा अग्रवाल, कोषाध्यक्ष विनोद गुप्ता, प्रचार मंत्री मनीष गुप्ता, रेणु नीरज गोयल सहित समाज की कार्यकारिणी के सदस्य उपस्थित रहे। प्रतियोगिताओं का संचालन रेनु भरत अग्रवाल एवं संगम अग्रवाल ने किया।

सदाबहार गीतों पर थिरके प्रतिभागी, पूनम अग्रवाल रहीं प्रथम
मीडिया प्रभारी अशोक अग्रवाल एवं सुरेंद्र जैन बंटी ने बताया कि महाराजा अग्रसेन परमार्थ सेवा समिति द्वारा सदाबहार गीतों पर डांस प्रतियोगिता का आयोजन किया गया जिसमें पूनम अग्रवाल ने प्रथम, हर्षिता गुप्ता ने द्वितीय तथा वर्षा सिंघल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं चारुल अग्रवाल को 'बेस्ट ऑफ द...Ó के विशेष पुरस्कार से सम्मानित किया गया। विजेताओं को पुरस्कार एवं शील्ड प्रदान की गई। राकेश गर्ग टिल्लू भैया के सुपुत्र आकाश गर्ग की ओर से विशेष पुरस्कार के रूप में जियो फोन भी प्रदान किया गया। प्रतियोगिता में शामिल सभी बहनों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें प्रोत्साहन पुरस्कार एवं शील्ड प्रदान की गई।

करवाचौथ थाली सजाओ प्रतियोगिता में दीप्ति गुप्ता प्रथम
महाराजा अग्रसेन परमार्थ सेवा समिति के तत्वावधान में करवाचौथ थाली सजाओ प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। इसमें 17 वर्ष से अधिक उम्र की युवतियों एवं महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता में दीप्ति गुप्ता ने प्रथम, नैनसी गुप्ता ने द्वितीय तथा रूशाली गुप्ता ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका शिखा मंगल एवं सुहासिनी आचार्य ने निभाई।

ताल से ताल मिलाओ में गरिमा गुप्ता रहीं प्रथम
इसके साथ ही अग्रोदय महिला मंडल द्वारा 'ताल से ताल मिलाओÓ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें 16 वर्ष से अधिक उम्र की युवतियों एवं महिलाओं ने भाग लिया। प्रतिभागियों ने फिल्मी गीतों के साथ विवाह की थीम पर आधारित प्रस्तुतियां देकर अपने नृत्य, संगीत, परिधान एवं रचनात्मकता का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में गरिमा गुप्ता ने प्रथम, खुशी गुप्ता ने द्वितीय तथा चारुल मंगल एवं रूपल गुप्ता ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान प्राप्त किया। निर्णायक के रूप में निधि बिंदल एवं प्रियंका जैन ने प्रतिभागियों की प्रस्तुतियों का मूल्यांकन कर परिणाम घोषित किए। विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों के उत्साह और रचनात्मक प्रस्तुतियों ने अग्रसेन जयंती महोत्सव को और भी आकर्षक बना दिया।

No comments: