जिलेभर के 700 विद्यार्थियों ने लिया भाग, उत्कृष्ट 100 प्रतिभागी हुए सम्मानित
शिवपुरी। विद्यार्थियों में समाचार-पत्र पढ़ने की आदत, सामान्य ज्ञान एवं जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित Daily News Genius Challenge का भव्य सम्मान समारोह
होटल उदय विलास, शिवपुरी में आयोजित किया गया। प्रतियोगिता में शिवपुरी जिले के विभिन्न विद्यालयों से लगभग 700 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभागिता की, जिनमें से उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 100 प्रतिभागियों को विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शिवपुरी एसडीओपी श्री सचिन ध्रुवे उपस्थित रहे। उनके साथ जिले के 20 से अधिक विद्यालयों गुरुकुल स्कूल ऑफ स्टडी नरवर, उत्कर्ष हाई स्कूल नरवर, एम के अकेडमी स्कूल करेरा, शिवलोक पब्लिक स्कूल, एक्सिलेस स्कूल, रानी अवंतीबाई हाई स्कूल पिछोर,
यंग स्कॉलर अकेडमी खनियधना, जीनियस वर्ल्ड हाई स्कूल , राइजिंग पब्लिक स्कूल, न्यू पैराडाइज पब्लिक स्कूल बैराड, डी पी एस जीनियस प्ले स्कूल , रेनबो पब्लिक स्कूल सिरसोद, ज्ञान दर्शन पब्लिक स्कूल, सेंट जोन्स पब्लिक स्कूल , एस एस डी एक्सीलेंस पब्लिक स्कूल , सेंट एम पी एस स्कूल शिवपुरी, लिटिल् फ्लॉवर स्कूल शिवपुरी के संचालक एवं प्राचार्य, शिक्षकगण, अभिभावक तथा शहर के गणमान्य नागरिक , पत्रकार मानिका शर्मा व काजल सिकरवार भी कार्यक्रम में शामिल हुए और प्रतिभागी विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।
मुख्य अतिथि एसडीओपी श्री सचिन ध्रुवे ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को मोबाइल के अत्यधिक एवं अनावश्यक उपयोग से होने वाले प्रभावों के प्रति जागरूक किया। उन्होंने बच्चों को मोबाइल का संतुलित एवं उद्देश्यपूर्ण उपयोग करने तथा पढ़ाई, समाचार-पठन और वास्तविक जीवन की गतिविधियों को प्राथमिकता देने के लिए प्रेरित किया।
प्रतियोगिता का मुख्य संदेश भी विद्यार्थियों को इसी दिशा में प्रेरित करना रहा—
“अखबार पढ़ें • ज्ञान बढ़ाएँ • मोबाइल से दूरी बनाएँ”
प्रमाण-पत्र, मेडल एवं उपहार से हुआ सम्मान
समारोह में चयनित उत्कृष्ट 100 विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र एवं मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही प्रतिभागी विद्यार्थियों के उत्साहवर्धन के लिए उपहार भी प्रदान किए गए।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों के साथ-साथ उनके विद्यालयों की भूमिका को भी सराहा गया। शिवपुरी जिले के विभिन्न विद्यालयों के सहयोग से इस पूरी प्रतियोगिता का आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। विद्यालय संचालकों एवं प्राचार्यों ने विद्यार्थियों को प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रेरित किया और समाचार-पत्र आधारित ज्ञानवर्धक गतिविधि को सफल बनाने में सहयोग दिया।
आयोजकों ने सभी सहभागी विद्यालयों, विद्यार्थियों, अभिभावकों, अतिथियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि Daily News Genius Challenge का उद्देश्य केवल प्रतियोगिता आयोजित करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में नियमित समाचार-पठन, ज्ञान-वृद्धि और मोबाइल के संतुलित उपयोग की सकारात्मक आदत विकसित करना है।


.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
No comments:
Post a Comment