---------------------------------News Website By 𝐑𝐚𝐣𝐮 𝐘𝐚𝐝𝐚𝐯--------------------------------

𝙎𝙝𝙞𝙫𝙥𝙪𝙧𝙞 𝙆𝙝𝙖𝙗𝙖𝙧

Friday, October 23, 2026

कलेक्टर के प्रयासों से पोहरी रोड रेलवे ओवरब्रिज के नीचे दोनों सर्विस रोड चालू, जाम से मिलेगी राहत


लघु उद्योग भारती अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह रावत ने कलेक्टर अर्पित वर्मा का जताया आभार, स्कूली बच्चों और आमजन को मिलेगी बड़ी सुविधा

शिवपुरी। शहर के पोहरी रोड पर निर्माणाधीन रेलवे ओवरब्रिज के नीचे लंबे समय से बनी जाम की समस्या से अब आमजन को राहत मिलने की उम्मीद है। जिला प्रशासन की त्वरित कार्रवाई के बाद दोनों ओर की सर्विस रोड चालू हो गई हैं। इससे न केवल वाहन चालकों को आवागमन में सुविधा मिलेगी, बल्कि स्कूली बच्चों और उनके अभिभावकों को भी बड़ी राहत मिलेगी। उल्लेखनीय है कि पोहरी रोड पर रेलवे ओवरब्रिज के निर्माण के चलते पिछले कई वर्षों से जाम की समस्या बनी हुई थी। 

इसका सबसे अधिक असर स्कूली बच्चों पर पड़ रहा था। स्थिति यह थी कि जो बच्चे दोपहर 12 बजे तक घर पहुंच जाते थे, उन्हें जाम के कारण दोपहर 3 बजे तक घर पहुंचने में लग रहा था। इससे बच्चों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था और अभिभावक भी चिंतित रहते थे। इस गंभीर जनसमस्या को देखते हुए पिछले सप्ताह लघु उद्योग भारती शिवपुरी के अध्यक्ष एवं पटैल एंड संस, पड़ोरा के भूपेन्द्र सिंह रावत ने जिला प्रशासन से समस्या का संज्ञान लेकर शीघ्र समाधान कराने का आग्रह किया था। उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से भी इस जनहित के मुद्दे को प्रमुखता से उठाते हुए कलेक्टर अर्पित वर्मा तक पहुंचाया।

    यही कारण रहा कि इस संवेदनशील मुद्दे को जिला प्रशासन ने इस जनहित की समस्या को गंभीरता से समझते हुए त्वरित कार्रवाई की, जिसके परिणामस्वरूप दोनों ओर की सर्विस रोड चालू हो गई हैं। इससे यातायात व्यवस्था में सुधार होने और जाम की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है। इस जनहितकारी पहल के लिए लघु उद्योग भारती जिलाध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह रावत (पटेल) ने शिवपुरी कलेक्टर श्री अर्पित वर्मा एवं संपूर्ण जिला प्रशासन के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं को समझना और उनका समय पर समाधान कराना ही सच्चे जनसेवा भाव की पहचान है। उन्होंने कहा कि जब प्रशासन संवेदनशीलता के साथ जनसमस्याओं पर त्वरित कार्रवाई करता है और समाज के लोग जनहित के मुद्दों को जिम्मेदारी से उठाते हैं, तो सकारात्मक परिणाम सामने आते हैं। पोहरी रोड की सर्विस रोड चालू होना इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे शहरवासियों, विशेषकर स्कूली बच्चों और उनके अभिभावकों को राहत मिलेगी।

No comments: