कलेक्टर श्री वर्मा की अध्यक्षता में आयोजित हुई बैठक, उद्यमियों को दी गई जानकारीशिवपुरी-कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा की अध्यक्षता में जिले के उद्यमियों के साथ बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में भारतीय डाक विभाग की महत्वाकांक्षी पहल डाक निर्यात केंद्र योजना की विशेष रूप से जानकारी दी गई और बताया गया कि शिवपुरी मुख्य डाकघर में काउंटर क्रियान्वित है। इस पहल का मुख्य उद्देश्य स्थानीय निर्यातकों को वैश्विक बाजार उपलब्ध कराना है, जिससे वे अपने उत्पादों को वैश्विक स्तर पर अन्य देशों में भी पहुँचा सकते हैं।
स्थानीय स्तर पर अंतर्राष्ट्रीय बुकिंग संभव
शिवपुरी मुख्य डाकघर के माध्यम से मुख्य रूप से जैकेट्स एवं गारमेंट्स, पत्थर शिल्प एवं हस्तशिल्प तथा खाद्य पदार्थ एवं मसाले जैसे स्थानीय उत्पादों को अब सीधे वैश्विक बाजार उपलब्ध कराया जा रहा है किसी भी उद्यमी को बाहर जाने की आवश्यकता नहीं है। स्थानीय स्तर पर भी अंतर्राष्ट्रीय बुकिंग संभव है। डाक विभाग शिवपुरी द्वारा दी गई जानकारी अनुसार डिजिटल पोर्टल पर ऑनलाइन कस्टम क्लीयरेंस और कागज मुक्त प्रक्रिया उपलब्ध है। डिजिटल रिकॉर्ड से त्वरित ड्यूटी ड्रॉबैक और टैक्स रिफंड की सुविधा है। इसके अतिरिक्त यह निजी कोरियर की तुलना में किफायती है। उन्होंने बताया कि इसके तहत व्यावसायिक दस्तावेज एवं पुस्तक, इंजीनियरिंग मशीनरी पार्ट्स, सूखे खाद्य पदार्थ एवं मसाले, पत्थर शिल्प एवं हस्तशिल्प, जैकेट एवं गारमेंट्स जैसी वस्तुएं भेजी जा सकती हैं।
आवश्यक दस्तावेज एवं पंजीकरण
निर्यात हेतु डीजीएफटी पंजीकरण अनिवार्य है। सरकारी रियायतों का लाभ लेने के लिए एमएसएमई उद्यम पंजीकरण होना चाहिए। इसके अतिरिक्त जीएसटी रजिस्ट्रेशन जरूरी है। डाक विभाग की वेबसाइट पर निशुल्क प्रोफाइल पंजीयन की सुविधा दी गई है। उद्यमी घर बैठे ही पार्सल बुक कर सकते हैं और एंड टू एंड ट्रैकिंग सुविधा भी प्राप्त कर सकते हैं। कलेक्टर श्री वर्मा ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे जिले के हस्तशिल्पियों, उद्यमियों एवं स्व-सहायता समूहों के साथ समन्वय स्थापित कर उन्हें शिवपुरी मुख्य डाकघर में संचालित डाक निर्यात केंद्र की प्रक्रियाओं, दस्तावेजों और मिलने वाले लाभों के प्रति जागरूक करें। उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य स्थानीय स्तर पर व्यापार, निर्यात और रोजगार के नए अवसरों का सृजन करना है।

No comments:
Post a Comment