---------------------------------News Website By 𝐑𝐚𝐣𝐮 𝐘𝐚𝐝𝐚𝐯--------------------------------

𝙎𝙝𝙞𝙫𝙥𝙪𝙧𝙞 𝙆𝙝𝙖𝙗𝙖𝙧

Wednesday, October 21, 2026

गुरु नानक इंटरनेशनल स्कूल में हुआ भव्य रावण दहन


'जय श्रीरामÓ के जयघोष से गूंजा विद्यालय परिसर, 30 फीट ऊंचा रावण बना आकर्षण का केंद्र

शिवपुरी-गुरु नानक इंटरनेशनल स्कूल परिसर में असत्य पर सत्य और अधर्म पर धर्म की विजय के संदेश के साथ भव्य रावण दहन कार्यक्रम उत्साहपूर्वक आयोजित किया गया। विद्यालय परिसर में तैयार किए गए लगभग 30 फीट ऊंचे विशाल रावण का दहन किया गया। रावण के धंू-धूं कर जलते ही विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ जय श्रीराम के जयघोष लगाए, जिससे संपूर्ण विद्यालय परिसर राममय हो उठा। कार्यक्रम को लेकर विद्यार्थियों में विशेष उत्सुकता देखने को मिली। विशाल रावण को देखने से लेकर उसके दहन तक बच्चों का उत्साह देखते ही बनता था। इस अवसर पर विद्यार्थियों को भगवान श्रीराम के आदर्शों, मर्यादा, सत्य, धर्म और कर्तव्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी गई तथा रावण दहन के पीछे निहित सांस्कृतिक एवं नैतिक संदेश से भी परिचित कराया गया।

कार्यक्रम का विशेष आकर्षण लगभग 30 फीट ऊंचा रावण का पुतला रहा, जिसे विद्यालय के आर्ट शिक्षक अमान राज खान ने अपनी कलात्मक प्रतिभा और रचनात्मकता से तैयार किया। विशालकाय पुतले की आकर्षक बनावट ने विद्यार्थियों का ध्यान अपनी ओर खींचा और उनके कौशल की सभी ने सराहना की। इस अवसर पर विद्यालय के चेयरमैन महेंद्र सिंह अरोरा, डायरेक्टर महिपाल अरोरा एवं प्राचार्य कीर्ति चावला सहित विद्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने विद्यार्थियों के साथ इस सांस्कृतिक आयोजन में सहभागिता की और उन्हें भारतीय संस्कृति में निहित जीवन-मूल्यों को आत्मसात करने के लिए प्रेरित किया।

विद्यालय प्रबंधन ने संदेश दिया कि रावण दहन केवल एक पुतले का दहन नहीं, बल्कि अहंकार, क्रोध, लोभ, अन्याय और अधर्म जैसी नकारात्मक प्रवृत्तियों पर विजय का प्रतीक है। ज्ञान और सामर्थ्य तभी सार्थक हैं, जब उनके साथ विनम्रता, मर्यादा और सदाचार भी जुड़ा हो। अंत में विशाल रावण के दहन, बच्चों के उल्लास और जय श्रीराम के गगनभेदी जयघोष के बीच कार्यक्रम संपन्न हुआ। पूरे आयोजन ने विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति से जोड़ते हुए सत्य की विजय और अहंकार के पतन का प्रेरक संदेश दिया।

No comments: