---------------------------------News Website By 𝐑𝐚𝐣𝐮 𝐘𝐚𝐝𝐚𝐯--------------------------------

𝙎𝙝𝙞𝙫𝙥𝙪𝙧𝙞 𝙆𝙝𝙖𝙗𝙖𝙧

Friday, April 12, 2019

मतदान दल के सदस्यो को प्रशिक्षण देने में मास्टर ट्रेनर्स की अहम भूमिका- कलेक्टर

पूरी गंभीरता एवं आत्मविश्वास के साथ दल के सदस्यों को प्रशिक्षण दें
शिवपुरी-कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती अनुग्रहा पी ने मास्टर ट्रेनर्स के प्रशिक्षण को संबोधित करते हुए कहा कि मतदान दल के सदस्यों को मतदान प्रक्रिया का प्रशिक्षण देने में मास्टर ट्रेनर्स की अहम भूमिका है। मास्टर ट्रेनर्स भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पूरी संवेदनशीलता एवं गंभीरता के साथ अध्ययन करें। किसी भी प्रकार के डाउटस् होने पर उनका निराकरण भी प्रशिक्षण के दौरान ही करें। जिससे दल के सदस्य बिना किसी परेशानी के मतदान सम्पादित करा सकें। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती अनुग्रहा पी आज जिलाधीश कार्यालय के सभाकक्ष में मतदान दल के सदस्यों के प्रशिक्षण देने हेतु नियुक्त मास्टर ट्रेनर्स के प्रशिक्षण को संबोधित कर रही थी। प्रशिक्षण में अपर कलेक्टर आर.एस.बालोदिया, उपजिला निर्वाचन अधिकारी मकसूद अहमद, मास्टर ट्रेनर्स के रूप में प्रो.श्याम सुंदर खण्डेलवाल सहित अधिकारी आदि उपस्थित थे। कलेक्टर श्रीमती अनुग्रहा पी ने प्रशिक्षण को संबोधित करते हुए कहा कि प्रशिक्षण देने में मास्टर ट्रेनर्स की अहम् भूमिका है, मास्टर ट्रेनर्स मतदान दल के सदस्यों को आयोग के दिशा-निर्देशों की जानकारी देते हुए वे प्रशिक्षण के दौरान ही मतदान दल के सदस्यों से ईव्हीएम एवं वीवीपेट के ऑपरेट करने का भी प्रशिक्षण प्रदाय करें। 
उन्होंने बताया कि ग्वालियर संसदीय क्षेत्र क्रमांक-3 के तहत जिले की पोहरी एवं करैरा विधानसभा क्षेत्र शामिल है। जबकि गुना संसदीय क्षेत्र के तहत जिले की शिवपुरी, पिछोर और कोलारस विधानसभा क्षेत्र शामिल होने के कारण मतदान दल के सदस्यों को भी यह जानकारी स्पष्ट रूप से बताई जाए। उन्होंने इस दौरान मॉकपोल, ईडीसी, ईवीएम, वीवीपेट मशीन का मतदान के दौरान उपयोग, विभिन्न प्रपत्रों के पूर्ण किए जाने की जानकारी दी। अपर कलेक्टर आर.एस.बालौदिया ने प्रशिक्षण में कहा कि मास्टर ट्रेनर्स मतदान दल के सदस्यों को स्पष्ट रूप से बताए कि वे पीठासीन की पुस्तिका का गंभीरता के साथ अध्ययन करें। प्रशिक्षण के दौरान ईव्हीएम के ऑपरेट करने आदि के संबंध में भी विस्तार से जानकारी दी जाए। प्रशिक्षण में मतदान दल के सदस्यों को यह भी बताया जाए कि मतदान के कार्य को पूरे आत्मविश्वास के साथ करें। उपजिला निर्वाचन अधिकारी श्री मकसूद अहमद ने कहा कि मतदान के दौरान मतदाता सूची में पुरूष मतदाता होने पर पुरूष के कॉलम में क्रॉस का निशान जबकि महिला मतदाता होने पर क्रॉस के साथ गहरा गोला लगाना होगा। थर्ड जेण्डर के मामले में सही का निशान लगाना होगा। 

स्वच्छता पखवाडा के तहत कार्यक्रम आयोजित
शिवपुरी-जिला चिकित्सालय शिवपुरी में 01 अप्रैल से 15 अप्रैल 2019 तक ÓÓस्वच्छता पखवाडाÓÓ मनाया जा रहा है। जिसके तहत आज रंगोली का प्रतियोगिता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस मौके पर जिला चिकित्सालय शिवपुरी में कार्यरत स्टाफ नर्सों श्रीमती टीसा ओमेन, श्रीमती शालू पवार, श्रीमती रीनू विजयकर, कु. रानी मेहरा, अंजू कुमारी एवं अन्य स्टाफ नर्सों द्वारा भी स्वच्छता का संदेश देने हेतु रंगोली बनाई गई है। इस अवसर श्री राजकुमार ऋषीश्वर, आरएमओ/डॉ. साकेत सक्सैना, उपप्रबंधक द्वारा स्टाफ नर्सों का उत्साहवर्धन किया गया और सभी रंगोली बनाने वाली स्टाफ नर्सों, मरीजों के परिजन एवं अन्य को स्वच्छता के महत्व के बारे में विस्तृत रूप से अवगत कराया गया। 
स्वच्छता पखवाडे के दौरान सिविल सर्जन डॉ. पी.के. खरे ने बताया कि स्वच्छता से सिद्धि की शपथ पुन: दिलाई गई। इस पखवाडे के दौरान पूर्व में स्वच्छता संबंधी शपथ ग्रहण कार्यक्रम, अस्पताल परिसर में नगरपालिका के सहयोग एवं अस्पताल के कर्मचारियों द्वारा विशेष साफ-सफाई कार्य भी किया गया। उक्त अवसर पर सिविल सर्जन डॉ. पी.के. खरे द्वारा नगरवासियों से अपील की गई है, कि वे शहर एवं अस्पताल परिसर को स्वच्छ बनाने में सहयोग प्रदान करे।  

निर्वाचन जैसे महत्वपूर्ण कार्य में वाहन उपलब्ध न कराने पर कारण बताओ नोटिस 
शिवपुरी-कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती अनुग्रहा पी ने लोकसभा निर्वाचन 2019 के तहत खण्ड चिकित्सा अधिकारी बदरवास को शासकीय अनुबंधित वाहन एफएसटी दल को आवंटन उपरांत उपलब्ध न कराने पर कारण बताओ सूचना पत्र जारी कर तीन दिवस के अंदर अपना जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए है।
लोकसभा निर्वाचन 2019 के तहत जिला निर्वाचन कार्यालय द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र बदरवास के खण्ड चिकित्सा अधिकारी डॉ.सुधीर कश्यप की शासकीय अनुबंधित वाहन एफएसटी दल को भ्रमण हेतु वन क्षेत्रपाल श्री महेश कुमार शर्मा बदरवास को आवंटित की गई थी। लेकिन आवंटन उपरांत शासकीय अनुबंधित वाहन एफएसटी दल को उपलब्ध नहीं कराने के कृत्य को अनुशासनहीनता की श्रेणी में लेते हुए लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम 1951 की धारा 134क एवं 167क का उल्लंघन मानते हुए कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। 

ग्राम गुरैया में महिला मतदाताओं ने ली मतदान की शपथ
शिवपुरी-मतदाताओं को अपने मताधिकार के प्रति जागरूक किए जाने हेतु जिले में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती अनुग्रहा पी के मार्गदर्शन में अनेकों गतिविधियों आयोजित की जा रही है। इसी कड़ी में पिछोर के ग्रामीण क्षेत्रों में रंगोली, महंदी प्रतियोगिताएं एवं रैली आदि के माध्यम से शत प्रतिशत मतदान का संदेश दिया जा रहा है। जनपद पिछोर के ग्राम गुरैया में ग्रामीण क्षेत्र की महिला मतदाताओं द्वारा रंगाली प्रतियोगिता में भाग लेकर मतदान करने की शपथ ली। इस मौके पर मास्टर ट्रेनर्स द्वारा भी ईव्हीएम एवं वीवीपेट का प्रशिक्षण दिया गया।

No comments: