Responsive Ads Here

Shishukunj

Shishukunj

Friday, April 24, 2020

कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक ने समूह द्वारा संचालित दुकानों का उद्घाटन किया


दुकानों पर मिल रहे हैं मास्क और साबुन

शिवपुरी-मध्यप्रदेश डे राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत संचालित स्व सहायता समूह की महिलाओं द्वारा कॉटन के मास्क तैयार किए जा रहे हैं और इन मास्क को आम जनों को उपलब्ध कराया जा रहा है। समूहों द्वारा स्टॉल लगाकर मास्क और साबुन बेचे जा रहे हैं। शुक्रवार को कलेक्टर श्रीमती अनुग्रहा पी और पुलिस अधीक्षक राजेश सिंह चंदेल ने स्व सहायता समूह द्वारा संचालित इन मिनी शॉप का उद्घाटन किया। महिलाओं का उत्साहवर्धन करते हुए उन्होंने मास्क भी खरीदे और कहा कि दुकानों पर सैनिटाइजर भी रखें और मास्क और साबुन खरीदने के लिए आने वाले लोगों को भी उपयोग करने की सलाह दें।

कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक ने ग्राम पंचायत रातौर के ग्राम पंचायत भवन में संचालित जय करौली माता समूह और ग्राम पंचायत नोहरी कला में मां लखेश्वरी समूह और शिवपुरी शहरी क्षेत्र में फिजिकल थाना के पास लक्ष्मी स्व सहायता समूह की दुकान का उद्घाटन किया। उन्होंने महिलाओं से चर्चा कर कहा कि घर घर जाकर भी मास्क वितरण किया जा सकता है। उन्होंने कहा दुकान पर आने वाले लोगों को मास्कए सैनिटाइजर का उपयोग करने और बार.बार साबुन से हाथ धोने की सलाह दें।

रातौर के समूह द्वारा अभी तक 5000 से अधिक मास्क वितरित

रातौर में जय करौली माता समूह की महिलाओं से कलेक्टर ने चर्चा की तो महिलाओं ने बताया कि एक महिला द्वारा प्रतिदिन लगभग 100 मास्क तैयार किए जा रहे हैं। इन्हें ग्राम पंचायत और अन्य लोगों को उपलब्ध कराया जाता है। उन्होंने बताया कि अभी तक लगभग 5000 से अधिक मास्क समूह द्वारा तैयार करके वितरित हो चुके हैं।

बाहर से आने वाले लोगो की जानकारी अवश्य दें : एसपी

पुलिस अधीक्षक राजेश सिंह चंदेल ने कहा कि यदि गांव में कोई बाहरी व्यक्ति आता है तो इसकी जानकारी प्रशासन तक पहुंचाएं ताकि समय पर संबंधित व्यक्ति की जांच की जा सके। उन्होंने कहा कि बाहर से आने वाले लोगों को 14 दिन तक होम क्वॉरेंटाइन में रहने की सलाह दें क्योंकि सावधानी से ही बचाव किया जा सकता है।

No comments:

Post a Comment