Responsive Ads Here

Shishukunj

Shishukunj

Tuesday, December 14, 2021

गीता जयंती महोत्सव पर नगर में निकाली जन-जागरण यात्रा




शिवपुरी-
मार्ग शीर्ष शुक्ला मोक्षदा एकादशी को भगवान श्रीकृष्ण ने अर्जुन को गीता का उपदेश दिया था इसलिए प्रतिवर्ष इस दिन को गीता जयंती महोत्सव मनाया जाता है। इसी क्रम में गीता जयंती महोत्सव के अवसर पर आज नगर में गीता जन-जागरण यात्रा निकाली गई जिसे लेकर नगर के स्थानीय श्रद्धालुजनों ने इस गीता जन-जागरण यात्रा में शामिल होकर पुण्य लाभ अर्जित किया। यहां इस जन-जागरण यात्रा में प्रतीक स्वरूप श्रीकृष्ण-अर्जुन के पात्रों का चल समारोह भी निकाला गया। यह आयोजन गीता स्वाध्याय मण्डल शिवपुरी के द्वारा किया गया है।

विश्व गीता प्रतिष्ठानम के केन्द्रीय संगठन मंत्री विष्णु शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि विश्व गीता प्रतिष्ठानम उज्जैयिनी के तत्वाधान में प्रतिवर्ष गीता स्वाध्याय मण्डल द्वारा गीता जयंती महोत्सव के अवसर पर नगर में गीता के उपदेश केा जन-जन तक पहुंचाया जाए इसे लेकर गीता जन-जागरण यात्रा नगर में निकाली जाती है। इसी क्रम में मंगलवार को प्रात: 9:30 बजे यह गीता जन-जागरण यात्रा स्थानीय श्रीलक्ष्मीनारायण मंदिर से प्रारंभ हुई जो शहर के गांधी चौक से होकर माधवचौक, गुरूद्वारा चौक, पुरानी शिवपुरी मार्ग से होते हुए कालियामर्दन मंदिर पुरानी शिवपुरी पहुंची। 

इस गीता जन-जागरण यात्रा में गीता जयंती के अवसर पर भगवान श्रीकृष्ण और अर्जुन के प्रतीक स्वरूप झांकी को बग्गी में निकालकर चल समारोह भी निकाला गया जो गीता का उपदेश देकर जन-जन को कृतार्थ कर रहे थे। इस भव्य चल समारोह में गीता स्वाध्याय एवं श्रद्धालुजन शामिल हुए जिन्होंने स्थानीय कालियामर्दन मंदिर परिसर में समापन अवसर पर भगवान श्रीकृष्ण-अर्जुन स्वरूप व भागवत गीता का पूजन-पाठ किया और सभी ने गीता स्वाध्याय व सत्संग करते हुए अंत में प्रसाद ग्रहण किया।

No comments:

Post a Comment