---------------------------------News Website By 𝐑𝐚𝐣𝐮 𝐘𝐚𝐝𝐚𝐯--------------------------------

𝙎𝙝𝙞𝙫𝙥𝙪𝙧𝙞 𝙆𝙝𝙖𝙗𝙖𝙧

Thursday, February 19, 2026

प्रेस वार्ता : शिवपुरी में सजेगा भक्ति का महाकुंभ, देवकीनंदन ठाकुर जी करेंगे कथा, योगी और सिंधिया भी होंगे शामिल


1000 सहस्त्र चंडी महायज्ञ और श्रीमद् भागवत कथा का होगा भव्य आयोजन, 11 कन्याओं का होगा विवाह

शिवपुरी। एक बार फिर से शिवपुरी की पावन नगरी धर्म और सेवा की त्रिवेणी के साथ एक ऐतिहासिक आध्यात्मिक समागम का साक्षी बनने जा रहा है। श्री श्री 1008 महामंडलेश्वर स्वामी श्री नीलमणि दास जी महाराज (खेड़ापति दरबार) ने एक विशेष प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए आगामी श्रीमद् भागवत कथा एवं 1000 सहस्त्र चंडी महायज्ञ की घोषणा की। इस अवसर पर श्रीखेड़ापति मंदिर महंत लक्ष्मणदास त्यागी जी महाराज एवं पुजारी पं.मोहितदास जी महाराज विशेष रूप से मौजूद रहे। प्रेसवार्ता के माध्यम से महामण्डलेश्वर श्री नीलमणिदास जी महाराज ने बताया कि शिवपुरी की पावन धरा पर यह भव्य आयोजन आगामी 19 से 25 मार्च तक झांसी रोड स्थित हवाई पट्टी के पीछे नर्सरी ग्राउंड में आयोजित किया जाएगा, जिसमें देश की जानी-मानी हस्तियां और संत समाज शिरकत करेगा। महाराज जी ने प्रेस वार्ता के माध्यम से समस्त धर्मप्रेमियों और क्षेत्रीय जनता को इस महाकुंभ में सपरिवार आमंत्रित किया है ताकि सभी इस पावन गंगा में डुबकी लगाकर पुण्य लाभ अर्जित कर सकें।

होगी देवकीनंदन ठाकुर के श्रीमुख से श्रीमद् भागवत कथा
प्रेस वार्ता के दौरान नीलमणिदास जी महाराज ने बताया कि श्रीमद् भागवत कथा के विश्व विख्यात कथा वाचक श्री देवकीनंदन ठाकुर जी महाराज (वृंदावनधाम) कथा व्यास के रूप में उपस्थित रहेंगे। इसके अतिरिक्त, आयोजन में राजनीति और अध्यात्म के शीर्ष चेहरों का जमावड़ा लगेगा। इस दौरान कथा में धर्म लाभ लेकर अपना सानिध्य प्रदान करने के लिए योगी आदित्यनाथ (मुख्यमंत्री, उत्तरप्रदेश), डॉ. मोहन यादव (मुख्यमंत्री, मध्यप्रदेश), ज्योतिरादित्य सिंधिया (केंद्रीय मंत्री) विशेष रूप से कथा में शामिल होंगें। इसके साथ ही स्वामी जी ने बताया कि इन दिग्गजों के साथ-साथ देश के अनेक विद्वान संतों के आशीर्वचन भी भक्तों को प्राप्त होंगे।

भक्ति के साथ सामाजिक सरोकार: 11 कन्याओं का विवाह
महाराज श्री नीलमणि दास जी ने प्रेस वार्ता में विशेष रूप से रेखांकित किया कि यह आयोजन केवल धार्मिक अनुष्ठान तक सीमित नहीं है बल्कि आगामी 26 मार्च को आयोजन के समापन पर 11 निर्धन कन्याओं का भव्य विवाह भी संपन्न कराया जाएगा, जो इस धार्मिक उत्सव को मानवता की सेवा से जोड़ेगा।

11 को बलारी माता मंदिर से महायज्ञ स्थल तक निकलेगी भव्य पदयात्रा
प्रेस वार्ता में मोहित दास जी महाराज (खेड़ापति दरबार) की मौजूदगी में कार्यक्रम का पूरा शेड्यूल जारी किया गया जिसमें उन्होंने बताया कि कार्यक्रम की शुरूआत सर्वप्रथम 25 फरवरी को कथा स्थल पर भूमिपूजन कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा, इसके पश्चात 11 मार्च सुबह 10 बजे बलारी माता मंदिर से महायज्ञ स्थल तक भव्य पदयात्रा निकाली जाएगी, इसके साथ ही 18 मार्च सुबह 10 बजे महाराज राजेश्वरी दरबार से विशाल कलश यात्रा निकाली जाएगी और 19 से 25 मार्च तक प्रतिदिन दोपहर 2 से 5 बजे तक भागवत कथा एवं रात्रि 8 से 11 बजे तक भजन संध्या का आयोजन होगा। इसके साथ ही 26 मार्च को कथा समापन अवसर पर 11 कन्याओं का सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन भी किया जाएगा।

No comments: