75 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों का होगा सम्मान, समाज की प्रतिभाओं को मिलेगा प्रोत्साहनशिवपुरी। अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा जिला शिवपुरी द्वारा समाज की एकता, सांस्कृतिक परंपराओं के संरक्षण एवं शिक्षा के क्षेत्र में प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से कल 20 अक्टूबर 2026 को श्रीराम शोभायात्रा एवं प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा। प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन निर्माणाधीन क्षत्रिय भवन, फोरलेन नोहरी, शिवपुरी पर किया जाएगा। अभा क्षत्रिय महासभा जिलाध्यक्ष रविन्द्र सिंह सेंगर की अध्यक्षता में यह प्रथम वर्ष आयोजित दशहरे के पावन पर्व को लेकर समस्त क्षत्रिय समाज में हर्ष की लहर व्याप्त है और क्षत्रिय बन्धुओं के द्वारा बढ़-चढ़कर इस आयोजन में भाग लिया जा रहा है, जगह-जगह बैनर-पोस्टर, स्वागत द्वार और क्षत्रिय दशहरा पर्व को लेकर होर्डिग्स से शहर को पाट दिया गया है। जिलाध्यक्ष श्री सेंगर ने बताया कि दशहरा के पावन पर्व को लेकर क्षत्रिय महासभा द्वारा व्यापक तैयारियां की गई हैं। इस वर्ष क्षत्रिय महासभा का यह आयोजन धार्मिक आस्था, सामाजिक एकता और शैक्षणिक उपलब्धियों के सम्मान को समर्पित रहेगा। समारोह के माध्यम से समाज के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ युवाओं को शिक्षा, संस्कार और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया जाएगा।
यह रहेगा श्रीराम शोभायात्रा का मार्ग
अभा क्षत्रिय महासभा के तत्वाधान में निकाली जाने वाली भगवान श्रीराम की भव्य शोभायात्रा का शुभारंभ प्रात: 11:00 बजे स्थानीय चिंताहरण मंदिर से होगा, दोपहर 1 बजे शोभायात्रा का समापन अग्रसेन चौक स्थित तात्या टोपे प्रतिमा के पास होगा, इसके अलावा दोपहर 1 बजे अग्रसेन चौक से क्षत्रिय भवन पहुंचने के लिए बस एवं अन्य वाहनों की व्यवस्था उपलब्ध रहेगी और दोपहर 2 बजे से निर्माणाधीन क्षत्रिय भवन परिसर में दशहरा मिलन समारोह, शस्त्र पूजन, वरिष्ठजनों का सम्मान एवं श्रीराम प्रतिमा सम्मान समारोह सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित होंगे, साथ ही शाम 4 बजे कार्यक्रम के उपरांत सभी समाज बन्धुजनों के लिए सहभोज आयोजित किया गया है।
75 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थी होंगे सम्मानित
क्षत्रिय महासभा द्वारा आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह में कक्षा 5वीं, 8वीं, 10वीं एवं 12वीं में 75 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा। महासभा का उद्देश्य विद्यार्थियों की मेहनत, लगन और उपलब्धियों को पहचान देना तथा अन्य विद्यार्थियों को भी बेहतर शैक्षणिक प्रदर्शन के लिए प्रेरित करना है। जिले में अपनी-अपनी कक्षाओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को नकद पुरस्कार, स्मृति चिह्न, प्रमाण पत्र एवं उपहार देकर सम्मानित किया जाएगा। वहीं निर्धारित अंकों के साथ पात्र अन्य विद्यार्थियों को भी प्रमाण पत्र एवं उपहार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया जाएगा। कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों के पुरस्कारों का प्रायोजन रघुवीर सिंह गौर (गुरुजी) द्वारा तथा कक्षा 10वीं 8 वीं एवं 5 वीं के विद्यार्थियों के पुरस्कारों का प्रायोजन शुभम सिंह पुंडीर, कुलदीप सिंह राजावत एवं लोकेन्द्र सिंह परमार द्वारा किया गया है। साथ ही प्रत्येक प्रतिभागी को उपहार धीरेन्द्र सिंह वैस अभिषेक रघुवंशी अजय राजावत एवं राघवेंद्र चौहान अंकित राजावत के द्वारा प्रदाय किये जा रहे है समाज के सहयोग से आयोजित यह पहल शिक्षा के महत्व को रेखांकित करने के साथ ही विद्यार्थियों में आगे बढऩे की प्रेरणा उत्पन्न करेगी।
निर्माणाधीन क्षत्रिय भवन बनेगा सामाजिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र
निर्माणाधीन क्षत्रिय भवन को समाज की शैक्षणिक, सामाजिक, सांस्कृतिक एवं मांगलिक गतिविधियों के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है। भवन के माध्यम से विद्यार्थियों को शैक्षणिक गतिविधियों के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराने, समाज के कार्यक्रमों के आयोजन तथा आपसी मेल-मिलाप और भाईचारे को मजबूत बनाने की परिकल्पना है। महासभा का उद्देश्य है कि क्षत्रिय भवन भविष्य में सामाजिक बैठकों, प्रतिभा सम्मान समारोहों, सांस्कृतिक आयोजनों एवं अन्य समाजोपयोगी गतिविधियों के लिए उपयोगी सिद्ध हो। इसके निर्माण में समाज के लोगों का सहयोग और सहभागिता महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। क्षत्रिय महासभा जिला शिवपुरी ने समस्त समाज बंधुओं, मातृशक्ति, युवाओं, वरिष्ठजनों एवं विद्यार्थियों से श्रीराम शोभायात्रा और प्रतिभा सम्मान समारोह में सहभागिता करने की अपील की है।


No comments:
Post a Comment