---------------------------------News Website By 𝐑𝐚𝐣𝐮 𝐘𝐚𝐝𝐚𝐯--------------------------------

𝙎𝙝𝙞𝙫𝙥𝙪𝙧𝙞 𝙆𝙝𝙖𝙗𝙖𝙧

Sunday, March 8, 2026

महिलाएं अपनी मूल संस्कृति को ना छोड़े यह उनकी जिम्मेदारी : समाजसेवी श्रीमती नम्रता गौतम




सेवा भारती परिसर मे ंमनाया गया होली मिलन समारोह, रक्तदाताओं का हुआ सम्मान

शिवपुरी- शहर के फतेहपुर स्थित सहरिया वनवासी छात्रावास सेवा भारती परिसर में संस्था के द्वारा होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। जिसमें कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा भारत माता के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं माल्यार्पण के साथ किया गया। अतिथियों का परिचय अर्जुन सिंह दांगी (विभाग समन्वयक) द्वारा कराया गया। इस अवसर पर सेवा भारती के जिलाध्यक्ष ओम बंसल, प्रांत संगठन मंत्री (मध्य भारत) सुरेंद्र सोलंकी एवं समाजसेवी श्रीमती नम्रता गौतम(सुखदेव हॉस्पिटल) विशेष रूप से उपस्थित रहीं। 

कार्यक्रम के दौरान सेवा भारती ने समाज के प्रति अपनी कृतज्ञता व्यक्त करते हुए विभिन्न वर्गों का सम्मान किया। मातृशक्ति सम्मान में उन महिलाओं को सम्मानित किया गया जिन्होंने कोविड काल की विभीषिका में अपने प्रियजनों को खोया। इसमें प्रमुख रूप से श्रीमती कविता अग्रवाल रही, इसके अलावा डॉक्टर नीरजा शर्मा एवं सुश्री प्रेमलता कपूर को भी अपने अपने क्षेत्र में विशेष योगदान के लिए सम्मानित किया गया। इसके साथ ही लंबे समय से सेवा भारती को शिक्षा निधि प्रदान करने वाले कर्मठ कार्यकर्ताओं का भी अभिनंदन एवं अभी हाल ही में आयोजित ब्लड डोनेशन कैंप में सक्रिय भागीदारी निभाने वाले रक्तदाताओं को सम्मानित किया गया।

इस दौरान मुख्य अतिथि श्रीमती नम्रता गौतम ने भी अपने उद्बोधन में कहा कि महिलाएं सभी क्षेत्र में अपना योगदान दे रही हैं इसके साथ-साथ वह अपनी भारतीय संस्कृति एवं उसके विचारों को अपने बच्चों में भी संस्कार दें एवं अपनी मातृभाषा को भी अपने बच्चों को सिखाएं। कार्यक्रम का कुशल संचालन श्रीमती विनीता जैन द्वारा किया गया। समापन सत्र में सभी कार्यकर्ताओं और उपस्थित जनों ने एक-दूसरे को फूल और गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में सेवा समर्पण और संस्कृति का अनूठा संगम देखने को मिला होली के गीतों पर सभी ने जमकर नृत्य किया। अंत में सभी ने सामूहिक सहभोज का आनंद लिया। इस अवसर पर सेवा भारती के अनेक निष्ठावान कार्यकर्ता व प्रबुद्ध जन उपस्थित रहे।

No comments: