शिवपुरी- दूरसंचार वाहिनी, भातिसीपु बल शिवपुरी द्वारा जिला कल्याण एवं पुनर्वास बोर्ड (वार्ब) की तिमाही बैठक का आयोजन परिसर में किया गया। इस अवसर पर दूरसंचार वाहिनी आई.टी.बी.पी., शिवपुरी के कैम्प परिसर में राजीव लोचन शुक्ल, उप महानिरीक्षक, दूरसंचार वाहिनी ने अध्यक्षता की।
उल्लेखनीय है कि जिला कल्याण अधिकारी शिवपुरी की अध्यक्षता में केन्द्रीय सशस्त्र पुलिस बलों के सेवानिवृत्त पदाधिकारियों के लिए प्रत्येक तिमाही में वार्ब की त्रैमासिक बैठक का आयोजन दूरसंचार वाहिनी के प्रांगण में किया जाता है। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य सेवानिवृत्त पदाधिकारियों की समस्याओं का निराकरण करना तथा उनको उच्च कार्यालयों से प्राप्त दिशा-निर्देशों के साथ-साथ विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के बारे में अवगत करवाना है। जिला कल्याण अधिकारी द्वारा सभी सेवानिवृत कार्मियों को कल्याणकारी योजनाओं के बारे में अवगत कराया गया।
श्री शुक्ल, उप महानिरीक्षक, दूरसंचार वाहिनी एवं जिला कल्याण अधिकारी शिवपुरी द्वारा बैठक में उपस्थित सभी सैनिकों से बातचीत की गई तथा उनकी समस्याओं को सुना गया और उनकी समस्याओं को उच्च मुख्यालयों तक पहुँचाने एवं उनका समाधान करने का निर्देश दिया। बैठक में उपस्थित सबसे वयोवृद्ध भूतपूर्व हवलदार नीर बहादुर सिंह को शॉल भेंट कर सम्मानित किया गया। बैठक के अंत में सभी सेवानिवृत्त पदाधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। इस आयोजन से सेवानिवृत्त कर्मियों में हर्ष का माहोल रहा।


No comments:
Post a Comment