---------------------------------News Website By 𝐑𝐚𝐣𝐮 𝐘𝐚𝐝𝐚𝐯--------------------------------

𝙎𝙝𝙞𝙫𝙥𝙪𝙧𝙞 𝙆𝙝𝙖𝙗𝙖𝙧

Thursday, August 20, 2026

स्कूलों का जीर्णोद्धार और पेयजल रहेगी सर्वोच्च प्राथमिकता, खनिज अधिकारी ने बताया डीएमएफ मद में उपलब्ध राशि का होगा उपयोग


कलेक्टर श्री वर्मा की अध्यक्षता में जिला खनिज प्रतिष्ठान समिति की बैठक हुई आयोजित

शिवपुरी-कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा की अध्यक्षता में गुरुवार को जिला खनिज प्रतिष्ठान समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में खनन प्रभावित क्षेत्रों एवं जिले के दूरस्थ अंचलों में मूलभूत सुविधाओं के विस्तार और विकास कार्यों के प्रस्तावों पर विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में शिवपुरी विधायक देवेंद्र जैन, करैरा विधायक रमेश प्रसाद खटीक, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती नेहा अमित यादव एवं नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती गायत्री शर्मा भी उपस्थित रहीं। कलेक्टर श्री वर्मा ने कहा कि जनप्रतिनिधि अपने-अपने क्षेत्रों की प्राथमिकताओं के अनुसार प्रस्ताव शामिल कर सकते हैं। इसमें स्कूलों का जीर्णोद्धार और पेयजल सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी। कलेक्टर अर्पित वर्मा ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं। जिले के ऐसे शासकीय स्कूल जहां भवन की मरम्मत, अतिरिक्त कक्ष या बुनियादी निर्माण की आवश्यकता है, उनकी तत्काल सूची तैयार की जाए। इसके साथ ही जिन ग्रामीण इलाकों में पेयजल का संकट है, वहां स्थायी जल आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए विशेष कार्ययोजना बनाई जाए। इन सभी जनहितैषी प्रस्तावों पर सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया।

खनिज अधिकारी रामसिंह उईके ने बताया डीएमएफ मद में उपलब्ध राशि का होगा उपयोग
जिला खनिज अधिकारी श्री राम सिंह उईके ने बैठक में जानकारी दी कि वर्ष 2026 में जिला खनिज प्रतिष्ठान मद में 76.51 लाख रुपए की राशि प्राप्त हुई है। वर्तमान में इस मद में लगभग 6 करोड़ रुपए से अधिक की राशि उपलब्ध है, जिसका उपयोग खनन प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल, स?क और पर्यावरण सुधार जैसे कार्यों पर नियमानुसार किया जाएगा। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री विजय राज, खनिज अधिकारी राम सिंह ऊइके सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

No comments: