---------------------------------News Website By 𝐑𝐚𝐣𝐮 𝐘𝐚𝐝𝐚𝐯--------------------------------

𝙎𝙝𝙞𝙫𝙥𝙪𝙧𝙞 𝙆𝙝𝙖𝙗𝙖𝙧

Wednesday, August 19, 2026

हैप्पीडेज स्कूल में यातायात पाठशाला का आयोजन




यातायात प्रभारी ने हेलमेट की उपयोगिता बताकर विद्यार्थियों को यातायात नियमों के प्रति किया जागरूक

शिवपुरी। यातायात पुलिस द्वारा हैप्पीडेज स्कूल में यातायात पाठशाला का आयोजन किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों को यातायात नियमों, रहवीर योजना, हिट एंड रन योजना एवं प्रधानमंत्री राहत योजना सहित सड़क सुरक्षा से जुड़े विभिन्न विषयों की जानकारी दी गई। यातायात पुलिस ने विद्यार्थियों को हेलमेट की उपयोगिता और दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने के महत्व के बारे में विस्तार से बताया। विद्यार्थियों को आंकड़ों के माध्यम से समझाया गया कि यातायात नियमों की अनदेखी और हेलमेट का उपयोग नहीं करना कितना गंभीर हो सकता है।

यातायात थाना प्रभारी रणवीर यादव ने इस दौरान स्कूली बच्चों को जागरू करते हुए बताया कि वर्ष 2025 में शिवपुरी जिले में बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने से जुड़ी 410 सड़क दुर्घटनाओं में 67 लोगों की मौत हुई। वहीं 1 जनवरी 2026 से जुलाई 2026 तक जिले में कुल 223 सड़क दुर्घटनाओं में बिना हेलमेट वाहन चलाने वाले 61 लोगों की मौत हुई। इन आंकड़ों को विद्यार्थियों के सामने रखते हुए उन्हें सड़क सुरक्षा के प्रति गंभीर रहने और स्वयं के साथ अपने परिवार के सदस्यों को भी हेलमेट पहनने के लिए प्रेरित किया गया। यातायात प्रभारी श्री यादव कहा कि सड़क पर थोड़ी सी सावधानी जीवन बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। 

दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनना केवल यातायात नियम का पालन नहीं, बल्कि अपनी सुरक्षा की जिम्मेदारी भी है। विद्यार्थियों से अपील की गई कि वे यातायात नियमों का पालन करें और अपने परिजनों को भी इसके लिए जागरूक करें। कार्यक्रम के दौरान यातायात प्रभारी रणवीर सिंह यादव, हैप्पीडेज स्कूल की संचालिका श्रीमती गीता दीवान, प्राचार्य अंजू शर्मा, प्रबंधक महेन्द्र उपाध्याय सहित विद्यालय के शिक्षक एवं समस्त छात्र उपस्थित रहे। यातायात पाठशाला के माध्यम से विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया गया।

No comments: