---------------------------------News Website By 𝐑𝐚𝐣𝐮 𝐘𝐚𝐝𝐚𝐯--------------------------------

𝙎𝙝𝙞𝙫𝙥𝙪𝙧𝙞 𝙆𝙝𝙖𝙗𝙖𝙧

Monday, April 13, 2026

एसडीएम करैरा ने अनुष्का पाल को किया सम्मानित


राष्ट्रीय स्तर पर चयन से बढ़ाया जिले का मान

शिवपुरी-करैरा क्षेत्र की शासकीय विद्यालय की मेधावी छात्रा अनुष्का पाल ने अपनी प्रतिभा से जिले का गौरव बढ़ाया है। 52वीं राष्ट्रीय बाल वैज्ञानिक प्रदर्शनी-2025 में उनके टपक सिंचाई मॉडल के चयन के उपरांत उन्हें प्रशासनिक स्तर पर सम्मानित किया गया। इसी क्रम में एसडीएम करैरा अनुराग निंगवाल ने अपने कक्ष में छात्रा अनुष्का पाल को सम्मानित किया। उन्होंने छात्रा को अपनी कुर्सी पर बैठाकर सम्मान प्रकट करते हुए उसका उत्साहवर्धन किया। साथ ही उनके मार्गदर्शक शिक्षक को भी सम्मानित किया गया। यह अवसर उपस्थित सभी लोगों के लिए प्रेरणादायक रहा। 

एसडीएम श्री निंगवाल ने कहा कि अनुष्का जैसी प्रतिभाशाली बेटियां समाज एवं देश के लिए गौरव का विषय हैं। उन्होंने छात्रा को भविष्य में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी हेतु प्रेरित करते हुए निरंतर परिश्रम एवं लगन के साथ आगे बढऩे की शुभकामनाएं दीं। उल्लेखनीय है कि अनुष्का पाल कक्षा 9वीं की छात्रा हैं, जो शासकीय माध्यमिक विद्यालय नारही में अध्ययनरत हैं। उन्होंने अपने शिक्षक श्री पंकज श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में टपक सिंचाई मॉडल तैयार किया है, जो जल संरक्षण एवं फसलों तक नियंत्रित सिंचाई की उपयोगी तकनीक को दर्शाता है। जिला एवं राज्य स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के बाद अनुष्का का चयन राष्ट्रीय स्तर के लिए हुआ है। वह 14 अप्रैल को नई दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में भाग लेंगी, जहां उन्हें राष्ट्रपति द्वारा सम्मानित किया जाएगा। इस अवसर पर ब्लॉक शिक्षा अधिकारी मुकेश शर्मा, बीआरसी विनोद तिवारी, लायंस क्लब के अध्यक्ष डॉ.अग्रवाल सहित अन्य अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे, जिन्होंने छात्रा को शुभकामनाएं दीं।

No comments: