---------------------------------News Website By 𝐑𝐚𝐣𝐮 𝐘𝐚𝐝𝐚𝐯--------------------------------

𝙎𝙝𝙞𝙫𝙥𝙪𝙧𝙞 𝙆𝙝𝙖𝙗𝙖𝙧

Tuesday, May 5, 2026

जनसुनवाई में अनिल और केशराम को मिले संबल योजना के तहत 2-2 लाख रुपए के स्वीकृति पत्र


कलेक्टर ने मौके पर ही 10 वर्षीय रोहित जाटव को उपलब्ध कराया श्रवण यंत्र, जनसुनवाई में प्राप्त हुए 285 आवेदन

शिवपुरी-कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा द्वारा प्रत्येक मंगलवार को आयोजित होने वाली जनसुनवाई के दौरान कई आवेदनों का मौके पर ही निराकरण किया जाता है। जनसुनवाई लोगों के लिए लाभदायक साबित हो उसके लिए सभी अधिकारियों को तत्परता से आवेदनों के निराकरण के निर्देश दिए गए हैं। इस मंगलवार को जनसुनवाई के दौरान कुल 285 आवेदन प्राप्त हुए।

दो आवेदकों को मिला संबल योजना का लाभ
जनसुनवाई में मंगलवार को एक बार फिर जिला प्रशासन की संवेदनशील और जनहितैषी पहल देखने को मिली। कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा ने आम नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए त्वरित समाधान सुनिश्चित किया। कलेक्टर श्री वर्मा ने जनसुनवाई के दौरान आवेदक अनिल लोधी निवासी तहसील करैरा ग्राम सिल्लारपुर को उनकी पत्नी जयंती लोधी की मृत्यु होने पर संबल योजना के अंतर्गत 2 लाख रुपए की अनुग्रह सहायता राशि का स्वीकृति पत्र प्रदान किया गया। इसी प्रकार जनसुनवाई में ग्राम सेंवड़ीकलां तहसील करैरा निवासी केशराम परिहार को उनकी पत्नी प्रियंका परिहार की मृत्यु होने पर संबल योजना के तहत 2 लाख रुपए की अनुग्रह सहायता राशि का स्वीकृति पत्र प्रदान किया गया। इस सहायता से उनके परिवारों को आर्थिक संबल प्राप्त हुआ और कठिन परिस्थितियों में राहत मिलेगी।

10 वर्षीय रोहित जाटव को मिला श्रवण यंत्र
आवेदक श्रीमती रचना जाटव अपने 10 वर्षीय पुत्र रोहित जाटव के साथ जनसुनवाई में उपस्थित हुईं। रोहित को सुनने में समस्या थी, जिसके लिए पूर्व में चिकित्सकीय परीक्षण भी कराया जा चुका था। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा ने तत्परता दिखाते हुए बालक को श्रवण यंत्र उपलब्ध कराई। यह श्रवण यंत्र रोहित के जीवन में न केवल सुनने की क्षमता में सुधार लाएगा, बल्कि उसके आत्मविश्वास और भविष्य की संभावनाओं को भी नई दिशा देगा।

कलेक्टर ने आवेदक को पेंशन दिलाए जाने के दिए निर्देश
कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा ने जनसुनवाई में अपनी फरियाद लेकर आई आवेदक चतरो बाई तहसील बदरवास निवासी की समस्या को सुना और संबंधित अधिकारियों को आवेदन के निराकरण के निर्देश दिए। आवेदक ने कलेक्टर श्री वर्मा को बताया कि उनके पति तहसील बदरवास में सरकारी अस्पताल में कार्यरत थे, अब उनकी मृत्यु हो चुकी है, लेकिन अभी तक उन्हें पेंशन नहीं दी जा रही हैं। वे कार्यालयों के चक्कर लगाकर परेशान है, जिस पर कलेक्टर श्री वर्मा ने जिला कोषालय अधिकारी को निर्देश दिए इस पेंशन प्रकरण का जल्द से जल्द निराकरण कराए।  

No comments: