---------------------------------News Website By 𝐑𝐚𝐣𝐮 𝐘𝐚𝐝𝐚𝐯--------------------------------

𝙎𝙝𝙞𝙫𝙥𝙪𝙧𝙞 𝙆𝙝𝙖𝙗𝙖𝙧

Thursday, May 21, 2026

श्रद्धा एवं उल्लास के साथ हुआ श्रवण संस्कृति संस्कार शिक्षण शिविर का शुभारंभ


दीप प्रज्वलित कर हुआ मंगलारंभ, धर्ममय वातावरण से गुंजायमान हुआ जिनालय परिसर

शिवपुरी/करैरा-श्री दिगम्बर जैन श्रमण संस्कृति संस्थान, सांगानेर के तत्वावधान में आयोजित श्रवण संस्कृति संस्कार शिक्षण शिविर का शुभारंभ गुरुवार को श्री महावीर जिनालय, न्यू कॉलोनी करैरा में कलश स्थापना एवं दीप प्रज्वलित कर श्रद्धा एवं गरिमामय वातावरण में किया गया। शिविर का आयोजन परम पूज्य संत शिरोमणि आचार्य श्री 108 विद्यासागर जी महाराज, नवाचार्य श्री 108 समयसागर जी महाराज के पावन आशीर्वाद एवं मुनि पुंगव श्री 108 सुधासागर जी महाराज की प्रेरणा से आयोजित किया जा रहा है।

शुभारंभ अवसर पर जिनालय परिसर धर्ममय वातावरण, मंगलाचरण एवं भक्तिभाव से गुंजायमान हो उठा। कार्यक्रम में समाजजनों, महिलाओं, युवाओं एवं बच्चों की उत्साहपूर्ण सहभागिता रही। दीप प्रज्वलन के साथ ही धर्म, संस्कार एवं संस्कृति की ज्योति प्रज्वलित करने का संकल्प लिया गया। शिविर में सांगानेर से पधारे विद्वान पं. आकाश जैन सागर एवं पं. नितिन जैन सागर बच्चों एवं सभी वर्गों को धर्म, स्वाध्याय, संस्कार एवं आदर्श जीवन मूल्यों का प्रशिक्षण प्रदान करेंगे। शिविर के माध्यम से नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति, जैन धर्म एवं नैतिक जीवन से जोडऩे का प्रेरणादायी प्रयास किया जा रहा है।

करैरा नगर के लिए यह गौरव का विषय है कि नगर के ही विद्वान, धर्मनिष्ठ एवं अनुभवी पंडित दीपक जैन शास्त्री का इस आयोजन में विशेष मार्गदर्शन एवं सानिध्य प्राप्त हो रहा है। पं. दीपक जैन शास्त्री अपनी प्रभावी वाणी, गहन धार्मिक ज्ञान एवं संस्कारमयी शिक्षण शैली के लिए समाज में विशेष पहचान रखते हैं। उनके मार्गदर्शन में आयोजित यह शिविर बच्चों एवं युवाओं के व्यक्तित्व निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। कार्यक्रम के संयोजक विनीश जैन मामोनी, अध्यक्ष प्रदीप जैन शिक्षक, मंत्री देवेंद्र जैन सहित सकल दिगम्बर जैन समाज करैरा आयोजन को सफल बनाने में सक्रिय रूप से सहयोग कर रहा है। शिविर के प्रथम दिवस से ही बच्चों एवं समाजजनों में विशेष उत्साह देखने को मिला।

No comments: